इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को बैंगलोर में खेले जा रहे तीसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में भारतीय टीम ने 19 वर्षीय युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत को डेब्यू कराया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में चल रहे मैच में पंत को अंतिम एकादश में मनीष पांडे की जगह शामिल किया गया, जिन्होंने पिछले मैच में उपयोगी पारी खेली थी।
पंत अब भारत की तरफ से टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 19 वर्ष 120 दिन की उम्र में डेब्यू किया। ऋषभ ने तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने भारत की तरफ से 19 वर्ष 152 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
ऋषभ अब भारत के लिए डेब्यू करने वाले 38वें किशोर बने जबकि पिछले एक दशक में युवाओं में डेब्यू करने वाले पांचवें बल्लेबाज बने। पंत की टीम के कप्तान विराट कोहली ही आखिरी युवा बल्लेबाज थे, जिन्होंने किशोर उम्र में भारत की तरफ से डेब्यू किया था।
दिल्ली के क्रिकेटर को भारतीय टी20 अंतर्राष्ट्रीय टीम में इसलिए शामिल किया गया क्योंकि उनका रणजी ट्रॉफी सत्र में शानदार प्रदर्शन रहा था। पंत ने दिल्ली की तरफ से खेलते हुए 8 मैचों में 972 रन बनाए थे। इस दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज ने महाराष्ट्र के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में तिहरा शतक भी लगाया था।
पिछले सत्र में पंत ने रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज किया था। उन्होंने राजस्थान के खिलाफ त्रिवेंद्रम में आतिशी शतक लगाया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए इससे पहले बांग्लादेश में संपन्न अंडर-19 वर्ल्ड कप भी बहुत अच्छा बीता था। उन्होंने 6 मैचों में 64.75 की औसत से 267 रन बनाए थे। वह इस प्रतिस्पर्धा में भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने थे।
भारत की तरफ से पिछले एक दशक में खेलने वाले युवा खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है :
नंबर | नाम | उम्र |
1. | पियूष चावला | 19 वर्ष |
2. | इशांत शर्मा | 19 वर्ष |
3. | जयदेव उनाडकट | 19 वर्ष |
4. | विराट कोहली | 19 वर्ष |
5. | ऋषभ पंत 19 वर्ष |
Published 01 Feb 2017, 19:22 ISTProud moment for Rishabh Pant as he gets his #TeamIndia Cap #INDvENG pic.twitter.com/AKcadcGpaK
— BCCI (@BCCI) February 1, 2017