Hindi Cricket News - भारतीय खिलाड़ी ऋषि धवन के ऊपर कोरोनावायरस लॉकडाउन का उल्लंघन करने के लिए लगा जुर्माना

 ऋषि धवन
ऋषि धवन

भारतीय ऑलराउंडर ऋषि धवन के ऊपर कर्फ्यू के दौरान गाड़ी चलाने के कारण 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उनके ऊपर यह जुर्माना हिमाचल प्रदेश के मंडी डिस्ट्रिक्ट में लगा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार धवन बिना इजाजत लिए कार चला रहे थे। यह बात सामने आई थी कि ऋषि धवन बिना वीकल पास को लिए ही अपनी कार से बैंक चले गए थे और इसके परिणाम स्वरूप उनके ऊपर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

मंडी के एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया,

"पुलिस ने बताया कि ऋषि धवन दोपहर 12:40 पर बैंक जा रहे थे और तभी उन्हें नाके पर रोका गया। पूछे जाने पर वो पास नहीं दिखा पाए और इसी वजह से उनके ऊपर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। धवन ने उसी वक्त जुर्माना भर दिया था।

आपको बता दें कि इस समय कोरोनावायरस के कारण पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है और सभी से लगातार घर पर रहने की ही अपील की जा रही है। इसी वजह से नियम काफी सख्त भी हो रखे हैं और यहां तक कि कई राज्यों में तो बिना फेस मास्क के बिना घर से निकलने की इजाजत ही नहीं है। अभी तक भारत में कोरोना के 6000 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं और 150 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान भी गंवाई है।

ऋषि धवन ने 2016 में भारत के लिए अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके अलावा 2016 में ही उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया था। हालांकि वो भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए और अभी भी बाहर ही चल रहे हैं।

आईपीएल में ऋषि धवन कोलकाता नाइटराइडर्स, मुंबई इंडियंस, किंग्स XI पंजाब के लिए भी खेल चुके हैं। इसके अलावा हाल ही में उन्हें हिमाचल प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए देखा गया था।

Quick Links

Edited by मयंक मेहता