रियान पराग ने धुआंधार बल्लेबाजी से रचा इतिहास, चौके-छक्कों की बरसात करते हुए दूसरा सबसे तेज शतक लगाया

रियान पराग ने लगाया दूसरा सबसे तेज शतक
रियान पराग ने लगाया दूसरा सबसे तेज शतक

प्रमुख भारतीय ऑलराउंडर खिलाड़ी रियान पराग (Riyan Parag) ने रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) में इतिहास रच दिया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी का दूसरा सबसे तेज शतक लगा दिया है। रियान पराग ने ये कारनामा सोमवार को छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले में किया। उन्होंने सिर्फ 56 गेंदों पर शतक जड़ दिया जो रणजी ट्रॉफी इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। हालांकि इसके बावजूद उनकी टीम को 10 विकेटों से करारी हार का सामना करना पड़ा।

रियान पराग की अगर बात करें तो वो रणजी ट्रॉफी में असम टीम के कप्तान हैं और रायपुर में असम और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। रियान पराग ने इस दौरान खेल के तीसरे दिन अपनी टीम के लिए काफी बेहतरीन बल्लेबाजी की और रिकॉर्ड बना दिया।

दरअसल छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी में 327 रन बनाए लेकिन असम की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 159 रन पर सिमट गई और उन्हें फॉलोआन खेलने के लिए कहा गया। दूसरी पारी में भी असम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 78 रन तक 3 विकेट गिर गए लेकिन इसके बाद कप्तान रियान पराग ने तेजी से खेलने का फैसला किया।

रियान पराग ने 56 गेंदों पर शतक लगाकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

रियान पराग ने 87 गेंद पर 11 चौके और 12 छक्के की मदद से 155 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 56 गेंदों पर शतक जड़ दिया। इसके साथ ही अब वो रणजी ट्रॉफी में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रणजी इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है जिन्होंने 2016-17 के सीजन में झारखंड के खिलाफ 48 गेंदों में शतक लगाया था। हालांकि रियान पराग की इस धुआंधार पारी के बावजूद उनकी टीम ये मुकाबला हार गई। छत्तीसगढ़ ने आसानी से असम को 10 विकेट से हरा दिया।

Quick Links

App download animated image Get the free App now