IPL 2023 - काश मैं ये ना करता...एम एस धोनी के 2019 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान गुस्सा होकर पिच पर आने को लेकर आई प्रतिक्रिया

एम एस धोनी काफी गुस्सा हो गए थे
एम एस धोनी काफी गुस्सा हो गए थे

आईपीएल 2019 के दौरान एक ऐसी घटना हुई थी जिसे देखकर वर्ल्ड क्रिकेट हैरान रह गया था। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स और सीएसके (RR vs CSK) के बीच मैच के दौरान फैंस को एम एस धोनी का एक अलग ही रुप देखने को मिला था। अंपायर के एक फैसले से नाराज एम एस धोनी डगआउट से उठकर मैदान में चले आए थे और अंपायर से बहस भी की थी। वहीं इस घटना को याद करते हुए सीएसके के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उथप्पा ने बताया कि धोनी को काफी पछतावा हो रहा था और वो यही कही रहे थे कि काश वो मैदान में ना गए होते।

दरअसल आईपीएल 2019 का वो मैच काफी रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था। सीएसके की टीम रनों की पीछा कर रही थी। उन्हें तीन गेंद पर आठ रन चाहिए थे। गेंदबाजी कर रहे बेन स्टोक्स ने कमर की ऊंचाई की फुलटॉस डाली। अंपायर ने इसे नो बॉल देना चाहा और जैसे ही वो अपना हाथ ऊपर लेकर जाने लगे तभी स्क्वायर लेग अंपायर ने फैसला बदल दिया। उन्होंने इसे नो बॉल नहीं दिया। इससे एम एस धोनी काफी नाराज हो गए थे और गुस्से में डगआउट से उठकर मैदान में चले आए थे और अंपायर से काफी बहस की थी। इससे हर कोई हैरान रह गया था कि हमेशा शांत दिखने वाले धोनी ये कैसे कर सकते हैं।

धोनी को उस चीज का पछतावा है - रॉबिन उथप्पा

आईपीएल 2023 में जब जयपुर में राजस्थान और सीएसके के बीच मुकाबला खेला जा रहा था तब टीम के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने उस घटना को याद किया। उन्होंने जियो सिनेमा पर बातचीत के दौरान बताया,

मैंने धोनी से इस बारे में बात की थी। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं काफी अपसेट था और मैदान में चला गया। मैंने देखा कि जो मेन अंपायर है वो नो बॉल देने के लिए अपने हाथ उठा रहे थे। स्ट्रेट अंपायर ही गेम को कंट्रोल करता है। एक बार जब आपने नो बॉल दे दिया तो फिर उसे बदल नहीं सकते हैं। इसके बाद गहमा-गहमी में वो मैदान के अंदर चले गए। धोनी को इसका पछतावा था। उन्होंने कहा कि काश मैं अंदर ना जाता। मैं उनके पीछे बैठा था और सोचने लगा कि वो कहां जा रहे हैं। मैंने उनको कभी ऐसे नहीं देखा था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now