ऋतुराज गायकवाड़ की तुलना अनोखे तरीके से एम एस धोनी के साथ हुई, साथी क्रिकेटर ने दिया बयान

Nitesh
ऋतुराज गायकवाड़ और एम एस धोनी आईपीएल के दौरान
ऋतुराज गायकवाड़ और एम एस धोनी आईपीएल के दौरान

ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को लेकर महाराष्ट्र टीम के उनके साथी खिलाड़ी अजीम काजी ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ की तुलना एम एस धोनी (MS Dhoni) से की है। अजीम के मुताबिक जब रांची में उनकी मुलाकात एम एस धोनी से हुई थी और उन्होंने धोनी को बात करते हुए जब देखा तो उन्हें लगा कि ऋतुराज गायकवाड़ बात कर रहे हैं।

दरअसल ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में एक ओवर में सात छक्के जड़ दिए और इतिहास रच दिया। दरअसल, उत्तर प्रदेश की गेंदबाजी के दौरान पारी का 49वां ओवर स्पिनर शिवा सिंह ने डाला। उनके इस ओवर में गायकवाड़ ने घातक रुख अपनाते हुए, पहली चार गेंदों पर लगातार चार छक्के लगा दिए। इसके बाद पांचवीं गेंद नो-बॉल निकली और उस पर भी ऋतुराज ने छक्का जड़ा। अगली दो गेंदों पर भी उन्होंने कोई ढिलाई नहीं की और लगातार दो छक्के जड़कर ओवर में कुल सात छक्के जड़े। इस तरह उन्होंने लीगल तौर पर 42 रन बटोरे, जबकि गेंदबाज के खाते में 43 रन जुड़े।

एम एस धोनी को देखकर लगा कि ऋतुराज गायकवाड़ बात कर रहे हैं - अजीम काजी

इससे पहले जब महाराष्ट्र की टीम रांची में खेल रही थी तब एम एस धोनी से प्लेयर्स की मुलाकात हुई थी। इसी दौरान अजीम काजी ने गायकवाड़ को लेकर ये चीज नोटिस की थी। उन्होंने द डेली से बातचीत में कहा 'जब धोनी भाई बोल रहे थे तो ऐसा लगा कि जैसे ऋतुराज गायकवाड़ बात कर रहे हैं। जो चीजें उन्होंने कही वही चीज ऋतुराज भी हमें बताते हैं। वो सीएसके के लिए खेलते हैं और इसी वजह से एम एस धोनी से जो चीजें उन्होंने सीखी है वही चीज हमें भी बताते हैं। हम सबने सुना और पढ़ा है कि धोनी भाई किस तरह से टीम को चलाते हैं और गायकवाड़ भी वही कर रहे हैं।'

Quick Links