SAvIND: विराट कोहली के शतक की बदौलत भारत ने बनाए 303 रन

केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वन-डे में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 303 रन बनाए हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखी और शतक जमाया। दक्षिण अफ्रीका के लिए जेपी डुमनी ने 2 विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर विराट कोहली को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उनका यह फैसला सही भी साबित हुआ जब भारतीय ओपनर रोहित शर्मा शून्य के स्कोर पर रबाडा की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। इसके बाद विराट कोहली ने शिखर धवन (76) के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 140 रनों की साझेदारी की। इसके बाद धवन को डुमनी की गेंद पर मार्करम ने लपका। अजिंक्य रहाणे (11) कुछ ख़ास नहीं कर पाए और डुमनी की गेंद को मिडऑफ़ पर हवा में खेलकर फेहलुकवायो को कैच थमाकर चलते बने। हार्दिक पांड्या को महेंद्र सिंह धोनी से पहले भेजा गया लेकिन यह फैसला भी काम नहीं आया तथा पांड्या क्रिस मॉरिस की गेंद पर 14 रन के निजी स्कोर पर विकेटों के पीछे लपके गए। महेंद्र सिंह धोनी ने आने के बाद धीमी शुरुआत की। वे इमरान ताहिर की गेंद पर छक्का जमाने के प्रयास में लॉन्ग ऑन पर लूंगी एनगीडी द्वारा 10 रन के निजी स्कोर पर लपके गए। इससे कुछ देर पहले विराट कोहली ने अपना 34वां वन-डे शतक पूरा कर लिया। 40 ओवर में भारत का स्कोर 4 विकेट पर 223 रन था। अंतिम 10 ओवरों में कोहली ने अपने बल्ले को तेजी से चलाते हुए 80 रन जोड़कर टीम का स्कोर 303 तक पहुंचाते हुए दक्षिण अफ्रीका को एक मजबूत लक्ष्य देने में अपना 100 फीसदी योगदान दिया।विराट कोहली ने अपनी नाबाद 160 रनों की पारी में 159 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के जड़े। कोहली ने वन-डे क्रिकेट में 100 छक्के भी पूरे कर लिये। उनका साथ भुवनेश्वर कुमार ने दिया और वो भी 16 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।