SAvIND, दूसरा टेस्ट: पहले दिन भारतीय टीम की बढ़िया वापसी, स्टंप्स के समय दक्षिण अफ्रीका 269/6

सेंचुरियन में आज से दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच दूसरा टेस्ट शुरू हुआ। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 269/6 का स्कोर बना लिया था। भारत की तरफ से अश्विन ने बढ़िया गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को बाँधकर रखा और साथ ही तीन विकेट भी लिए। कल मेजबानों की निगाहें 350 से ऊपर के स्कोर पर होगी और इसकी जिम्मेदारी कप्तान फाफ डू प्लेसी के ऊपर होगी। दूसरी तरफ भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका को 300 के अंदर समेटने की कोशिश करेगी। पहला दिन, पहला सत्र: दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और डेल स्टेन की जगह लुंगी एनगीडी ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। वह दक्षिण अफ्रीका की तरफ से खेलने वाले 334वें खिलाड़ी बने। भारतीय टीम में तीन चौंकाने वाले बदलाव हुए। पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार की जगह इशांत शर्मा, ऋद्धिमान साहा की जगह पार्थिव पटेल और शिखर धवन की जगह केएल राहुल को टीम में शामिल किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने लंच तक 27 ओवरों में 78/0 का स्कोर बना लिया था। एडेन मार्कराम 51 और डीन एल्गर 26 रन बनाकर नाबाद थे। मार्कराम ने पांचवें मैच में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। पहला दिन, दूसरा सत्र: चायकाल तक दक्षिण अफ्रीका ने 56 ओवरों में 182/2 का स्कोर बना लिया है। दूसरे सत्र में मेजबानों ने 29 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाये। एडेन मार्कराम अभाग्यशाली रहे कि अपना शतक नहीं पूरा कर सके और 94 रन बनाकर आउट हुए। डीन एल्गर ने 31 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका के दोनों विकेट अश्विन ने लिए। चाय के समय हाशिम अमला 35 और एबी डीविलियर्स 16 रन बनाकर नाबाद थे। पहला दिन तीसरा सत्र: तीसरे सत्र में भारतीय टीम ने बढ़िया वापसी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के चार विकेट झटके और पहले दिन स्टंप्स के समय मेजबानों का स्कोर 269/6 था। हशिम अमला (82) ने अपना 36वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन हार्दिक पांड्या के एक शानदार थ्रो के कारण शतक से चूक गए। इससे पहले चाय के बाद इशांत शर्मा ने एबी डीविलियर्स (20) को चलता किया। अमला ने कप्तान फाफ डू प्लेसी के साथ चौथे विकेट के लिए 47 रन जोड़े, लेकिन उनके आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका को दो और झटके जल्दी-जल्दी लगे। क्विंटन डी कॉक पहली ही गेंद पर अश्विन की गेंद पर आउट हुए और उसके बाद वर्नन फिलैंडर भी खाता खोले बिना रन आउट हो गए। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी सत्र में 34 ओवर खेलकर सिर्फ 86 रन बनाये और उनके चार विकेट गिरे। स्टंप्स के समय फाफ डू प्लेसी 25 और केशव महाराज 10 रन बनाकर खेल रहे थे। भारत की तरफ से अश्विन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए हैं। उनके अलावा इशांत शर्मा ने एक विकेट लिया है। संक्षिप्त स्कोरकार्ड: दक्षिण अफ्रीका: 268/6 (एडेन मार्कराम 94, हाशिम अमला 82, रविचंद्रन अश्विन 3/90)