आरसीबी के बल्लेबाज ने की चौके-छक्कों की बरसात, सिर्फ 9 गेंद पर जड़ दिए 44 रन 

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने हासिल की बेहतरीन जीत
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने हासिल की बेहतरीन जीत

साउथ अफ्रीका टी20 लीग (SA20) के 15वें मुकाबले में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने डरबन सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए डरबन सुपर जायंट्स की टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 80 रन पर ही सिमट गई। जवाब में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने इस टार्गेट को 7.4 ओवर में ही 2 विकेट खोकर आसानी के साथ हासिल कर लिया। सेनुरन मुथुसैमी को उनकी जबरदस्त धुआंधार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

डरबन सुपर जायंट्स के कप्तान क्विंटन डी कॉक ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि उनका ये निर्णय पूरी तरह से गलत साबित हुआ। सलामी बल्लेबाज काइले मेयर्स बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर आउट हो गए। कप्तान क्विंटन डी कॉक भी 13 रन बनाकर चलते बने और टीम ने 20 रन तक ही 3 विकेट गंवा दिए। मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंद पर 31 रनों की पारी जरूर खेली लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। टीम लगातार अपने विकेट गंवाती रही और इसी वजह से 100 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाई। प्रिटोरिया की तरफ से तीन गेंदबाजों ने 2-2 विकेट लिए। वहीं सेनुरन मुथुसैमी ने 4 ओवरों में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

विल जैक्स ने 25 गेंद पर 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 56 रनों की पारी खेली

टार्गेट का पीछा करने उतरी कैपिटल्स को भी पहला झटका पहली ही गेंद पर लग गया। फिल साल्ट बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि इसके बाद विल जैक्स और थ्युइन डी ब्रुयन ने दूसरे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी कर मैच एकतरफा कर दिया। विल जैक्स ने सिर्फ 25 गेंद पर 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 56 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं डी ब्रुयन ने 19 गेंद पर 21 रन बनाए और टीम ने आसान जीत हासिल की।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
Be the first one to comment