Most runs after 30 IPL innings: दुनिया की सबसे बड़ी और सफल टी-20 लीग आईपीएल में रन बनाना आसान बात नहीं है। इस लीग में दुनिया के दिग्गज क्रिकेटर्स खेलते हुए नजर आते हैं और ऐसे में किसी भी बल्लेबाज के लिए यहां स्कोर करना बहुत कठिन रहता है। हालांकि इसके बावजूद कुछ बल्लेबाजों ने लगातार इस लीग में काफी निरंतरता के साथ रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले युवा भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। सुदर्शन अपना चौथा सीजन ही खेल रहे हैं और दिग्गजों की लिस्ट का हिस्सा बन चुके हैं। आइए जानते हैं उन बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने पहली 30 IPL पारियों के बाद बनाए हैं सबसे ज्यादा रन।
#3 क्रिस गेल (1141 रन)
दुनिया के सबसे सफल टी-20 बल्लेबाज क्रिस गेल के लिए आईपीएल का पहला सीजन कुछ खास नहीं रहा था और इसमें सात पारियों में वह केवल 171 रन ही बना पाए थे। हालांकि 2011 सीजन से उन्होंने ऐसी रफ्तार पकड़ी की फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। आईपीएल की पहली 30 परियों की बात करें तो गेल ने लगभग 44 की औसत और 162 की स्ट्राइक रेट के साथ 1141 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से छह अर्धशतक और दो शतक भी निकले थे।
#2 साई सुदर्शन (1307 रन)
2022 में गुजरात टाइटंस के साथ अपना IPL करियर शुरू करने वाले साई सुदर्शन ने गजब की निरंतरता दिखाई है। अब तक खेली 30 पारियों में ही वह 48.41 की औसत के साथ 1307 रन बना चुके हैं। IPL में पहली 30 पारियों में 1000 या उससे अधिक रन बनाने वाले सुदर्शन इकलौते बल्लेबाज हैं जो दिखाता है कि वह कितनी निरंतरता के साथ रन बना रहे हैं।
सुदर्शन अब तक नौ अर्धशतक और एक शतक लगा चुके हैं। 103 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। सुदर्शन ने अपने रन अब तक लगभग 142 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
#1 शॉन मार्श (1338 रन)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर बल्लेबाज शॉन मार्श के नाम आज भी पहली 30 IPL पारियों में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। पंजाब किंग्स के लिए IPL करियर का शानदार शुरुआत करने वाले मार्श ने 12 अर्धशतक और एक शतक की मदद से 1338 रन बनाए थे। इस दौरान मार्श का औसत 53.52 और स्ट्राइक-रेट 139.52 की रही थी। IPL के पहले सीजन में ही केवल 11 मैचों में 616 रन बनाकर मार्श ने ऑरेंज कैप हासिल की थी। 2011 में भी उन्होंने 500 से अधिक रन बनाए थे। मार्श ने 2017 में आखिरी बार IPL खेला था।