वन-डे में सबसे तेज 9000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने एबी डीविलियर्स

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वन-डे में दक्षिण अफ्रीका के वन-डे कप्तान एबी डीविलियर्स ने इतिहास रच दिया। वह वन-डे करियर में सबसे तेज 9,000 रन बनाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। डीविलियर्स ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने 13 वर्ष पहले यानी 2004 में सबसे तेज 9,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। डीविलियर्स ने अपने करियर के 214वें वन-डे की 205वीं पारी में 9,000 रन का आंकड़ा पार किया जो कि गांगुली से 23 पारी जल्दी पूरे हुए। डीविलियर्स ने 9,000 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया और वह वन-डे इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले 18वें बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सबसे तेज 9,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड गांगुली के नाम था, जिन्होंने 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न मैदान पर अपने करियर की 228वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद से 11 खिलाड़ियों ने वन-डे में 9,000 पूरे किये, लेकिन कोई भी गांगुली के रिकॉर्ड को तोड़ नहीं सका। डीविलियर्स से पहले वन-डे क्रिकेट में अपने 9,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज रहे पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। धोनी ने अक्टूबर 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अपने करियर की 244वीं पारी में यह आंकड़ा पार किया। उल्लेखनीय है कि सबसे तेज 9,000 रन पूरे करने वाले शीर्ष पांच बल्लेबाजों की सूची में धोनी शामिल नहीं है। जहां एबी डीविलियर्स मैच और पारियों को देखते हुए 9,000 रन पूरे करने के मामले में शीर्ष पर हैं, वहीं वन-डे डेब्यू से लेकर समय के अनुसार यह उपलब्धि हासिल करने के मामले में वह शीर्ष पर नहीं हैं। यह रिकॉर्ड अब भी राहुल द्रविड़ के नाम दर्ज है, जिन्होंने वन-डे डेब्यू के बाद 9 वर्ष 322 दिनों में 9,000 रन पूरे किये थे। वह एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वन-डे डेब्यू के बाद एक दशक के अंदर 9,000 रन पूरे किए। वन-डे में सबसे तेज 9,000 रन पूरे करने वालों की सूची में भारतीय बल्लेबाजों ने शीर्ष 10 में से चार स्थानों पर कब्ज़ा किया हुआ है। गांगुली के अलावा, सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और राहुल द्रविड़ भी शीर्ष 10 में शामिल है। डीविलियर्स दक्षिण अफ्रीका के दूसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 9,000 वन-डे रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल की। इससे पहले जैक्स कैलिस ने 242 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। सबसे तेज 9,000 वन-डे रन पूरे करने वाले शीर्ष 10 बल्लेबाजों की सूची इस प्रकार है :

नंबर गेंदबाज विरोधी टीम मैच पारी
1. एबी डीविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका) न्यूजीलैंड 214* 205*
2. सौरव गांगुली (भारत) ऑस्ट्रेलिया 236 228
3. सचिन तेंदुलकर (भारत) दक्षिण अफ्रीका 242 235
4. ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) ऑस्ट्रेलिया 246 239
5. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) दक्षिण अफ्रीका 248 242
6. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) इंग्लैंड 256 242
7. एमएस धोनी (भारत) न्यूजीलैंड 281 244
8. मोहम्मद यूसुफ़ (पाकिस्तान) बांग्लादेश 258 245
9. राहुल द्रविड़ (भारत) पाकिस्तान 280 259
10. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) श्रीलंका 268 261
10. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) ज़िम्बाब्वे 266 261