T20 Tri Series: कुसल परेरा की धुआंधार पारी की बदौलत श्रीलंका ने भारत को पहले मैच में 5 विकेट से हराया

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आज से टी20 त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत हुई और पहले ही मैच में श्रीलंका ने बड़ा उलटफेर करते हुए भारत को 5 विकेट से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिखर धवन के 90 रनों की मदद से 174/5 का स्कोर बनाया और श्रीलंका ने मैन ऑफ़ द मैच कुसल परेरा के धुआंधार 66 रनों की मदद से 19वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। भारत की तरफ से विजय शंकर ने अपना डेब्यू किया। भारत के खिलाफ लगातार सात टी20 अंतरराष्ट्रीय में हार के बाद श्रीलंका की यह पहली जीत है। श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया और शुरुआत में यह फैसला बहुत सही लगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा खाता खोले बिना और सुरेश रैना एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिखर धवन ने मनीष पांडे (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े और टीम को 100 के पार पहुंचाया। धवन ने अपना पांचवां अर्धशतक लगाया, लेकिन अभाग्यशाली रहे कि 49 गेंद में 90 रन (6 चौके, 6 छक्के) बनाकर आउट हो गए और शतक पूरा नहीं कर सके। ऋषभ पन्त ने 23 और दिनेश कार्तिक ने 13* का योगदान दिया। भारत ने आखिरी 5 ओवर में 50 रन बनाये और आखिरी स्कोर 174/5 रहा। श्रीलंका की तरफ से दुश्मान्था चमीरा ने दो और नुवान प्रदीप, जीवन मेंडिस और दनुश्का गुनातिलका ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में श्रीलंका को दूसरे ही ओवर में झटका लगा और कुसल मेंडिस 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कुसल परेरा ने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और दूसरे विकेट के लिए दनुश्का गुनातिलका (19) के साथ ताबड़तोड़ 58 रन जोड़े। कुसल परेरा ने 37 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 66 रन बनाये। श्रीलंका ने 10वें ओवर में ही 100 रन पूरे किये और आखिरी 10 ओवर में उन्हें जीत के लिए 74 रनों की जरूरत थी। हालाँकि अगले 5 ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और 15 ओवर के बाद स्कोर 137/5 था और जीत के लिए अभी भी 38 रनों की जरूरत थी। हालाँकि इसके बाद थिसारा परेरा (22*) ने दसून शनाका (15*) के साथ मिलकर टीम को 9 गेंद शेष रहे जीत दिला दी। दोनों ने छठे विकेट के लिए अविजित 39 रन जोड़े। भारत की तरफ से युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर ने दो-दो और जयदेव उनादकट ने एक विकेट लिया। भारत का अगला मुकाबला 8 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ होगा। संक्षिप्त स्कोरकार्ड: भारत: 174/5 (शिखर धवन 90, दुश्मान्था चमीरा 2/33) श्रीलंका: 175/5 (कुसल परेरा 66, वॉशिंगटन सुंदर 2/28)

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications