T20 World Cup में जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को दी मात, सिकंदर रजा और ब्लेसिंग मुज़राबानी बने जीत के हीरो 

Ireland v Zimbabwe - ICC Men
Ireland v Zimbabwe - ICC Men's T20 World Cup

T20 World Cup 2022 के चौथे मैच में ज़िम्बाब्वे ने आयरलैंड को 31 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। पहले खेलते हुए जिम्बाब्वे टीम ने 174/7 का स्कोर बनाया, जवाब में आयरलैंड टीम 143/9 का स्कोर बना पाई। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (48 गेंद 82 और 1/22) को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।

आयरलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और जिम्बाब्वे को पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही झटका दिया। ओपनिंग बल्लेलबाज रेगिस चकाब्वा बिना खाता खोले ही जोशुआ लिटिल का शिकार बने। वेस्ली मैधेवेरे का विकेट भी लिटिल ने चटकाया और वह 19 गेंदों में 22 रन बनाकर 37 के स्कोर पर आउट हुए। कप्तान क्रेग एर्विन भी 37 के स्कोर पर 9 रन बनाकर चलते बने। यहाँ से शॉन विलियम्स (22) और सिकंदर रजा की जोड़ी ने 42 रन जोड़ते हुए स्कोर को 79 तक पहुँचाया। मिल्टन शुम्बा ने 16 रन का योगदान दिया और रजा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े। सिकंदर रजा ने जबरदस्त पारी खेली और पारी की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 48 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के लगाते हुए 82 रन बनाये। आयरलैंड के लिए जोशुआ लिटिल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने 22 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। पॉल स्टर्लिंग और लोरकान टकर को रिचर्ड एनगार्वा ने चलता किया। दोनों ने क्रमशः 0 और 11 का स्कोर बनाया। वहीं ब्लेसिंग मुज़राबानी ने कप्तान एंड्रू बैलबर्नी को 3 और हैरी टेक्टर को 1 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। कर्टिस कैम्फर और जॉर्ज डॉकरेल ने पारी को संभालने का प्रयास किया और पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़ते हुए स्कोर को 64 तक पहुँचाया। डॉकरेल 24 रन बनाकर सिकंदर रजा का शिकार बने। कैम्फर का विकेट भी 91 के स्कोर पर गिर गया और वह भी 27 रन बनाकर आउट हो गए। गैरेथ डेलानी 24 और बैरी मैकार्थी ने नाबाद 22 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया लेकिन लक्ष्य से काफी दूर रह गए। ज़िम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुज़राबानी ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए।

Quick Links