टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले 5 बल्लेबाज

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

क्रिकेट के खेल में सबसे अधिक रन बल्लेबाज को छक्के लगाने के बाद मिलते हैं। 2005 से शुरू हुए टी-20 क्रिकेट में हमें सबसे ज्यादा छक्के लगते हुए दिखाई देते हैं। मौजूदा समय में टी-20 का सही मतलब शायद बेखौफ बल्लेबाजी और चौकों और छक्कों की बारिश है।

वैसे चौके और छक्के लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता। मौजूदा समय में गेंदबाज के पास गेंदबाजी में काफी नए विकल्प मौजूद हैं, ऐसे में किसी भी बल्लेबाज को गेंद को सीधा सीमा रेखा के बाहर मारना और 6 रन प्राप्त करना आसान नहीं रहता। इसलिए इस आर्टिकल में हम आपको टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में बताएंगे।

आइये नजर डालते हैं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों पर

#5 ब्रेंडन मैकलम- न्यूजीलैंड -91 छक्के

ब्रैंडन मैकलम
ब्रैंडन मैकलम

कदमों का इस्तेमाल करके गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाने वाले ब्रैंडन मैकलम टी-20 क्रिकेट के सबसे बड़े पावर हिटर की लिस्ट में हमेशा शुमार रहेंगे। न्यूजीलैंड के सबसे सफल पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैकलम ने 2015 में टी-20 क्रिकेट को अलविदा कहा था। अपने टी-20 करियर के दौरान मैकलम काफी समय तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले स्थान पर मौजूद थे।

ब्रेंडन मैकलम ने टी20 क्रिकेट में 71 मैचों में 35.66 की औसत से 2140 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं इसमें 199 चौके और 91 छक्के भी शामिल हैं। मैकलम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 123 रन है जो कि 2012 में बांग्लादेश के विरुद्ध आया था।

#4 कॉलिन मुनरो - न्यूजीलैंड -92 छक्के

कॉलिन मुनरो
कॉलिन मुनरो

न्यूजीलैंड के हरफनमौला बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो टी20 क्रिकेट के नए सुपरस्टार की पहचान बनकर बनकर उभरे हैं। 2012 में टी20 में डेब्यू करने वाले कॉलिन मुनरो ने टी20 क्रिकेट में अपनी अलग ही छाप छोड़ी है।

कॉलिन मुनरो ने अब तक 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबलों में 33.59 की औसत से 1411 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं इसमें 104 चौके और 92 छक्के भी शामिल हैं। मुनरो का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 109* रन है जो कि 2017 में भारत के विरुद्ध आया था।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं।

#3 मार्टिन गप्टिल- न्यूजीलैंड -103 छक्के

मार्टिन गप्टिल
मार्टिन गप्टिल

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल में खड़े-खड़े छक्के लगाने की अद्भुत क्षमता है। टी20 क्रिकेट के स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों में से एक गप्टिल ने टी20 क्रिकेट में अब तक 76 मुकाबलों में 33.91 की औसत से 2272 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। गप्टिल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 105 रन है जो कि 2018 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध आया था। अब तक मार्टिन गप्टिल ने टी-20 क्रिकेट में 103 छक्के लगाए हैं।

#2 क्रिस गेल -वेस्टइंडीज -105 छक्के

क्रिस गेल
क्रिस गेल

यूनिवर्सल बॉस यानी टी20 क्रिकेट के रॉकस्टार बल्लेबाज क्रिस गेल अपने लंबे टी20 करियर में अब तक 105 छक्के लगा चुके हैं। टी20 का कोई भी रिकॉर्ड यूनिवर्सल बॉस के नाम के बिना पूरा नहीं हो सकता।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में क्रिस गेल ने अब तक 58 मैचों में 32.54 की औसत से 1627 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। क्रिस गेल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 117 रन है जो कि 2007 में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध आया था।

#1 रोहित शर्मा - भारत -107 छक्के

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

मौजूदा समय में रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े पावर हिटर बल्लेबाज बन चुके हैं। रोहित शर्मा ने 4 अगस्त 2019 को टी20 विश्व विजेता वेस्टइंडीज टीम के विरुद्ध 51 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी में रोहित शर्मा ने 6 चौके और 3 छक्के जड़े। इसी के साथ उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (105) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया और 107 छक्कों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

रोहित शर्मा ने अब तक अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 96 मैचों में 32.72 की औसत से 2422 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 118 रन है जो कि 2017 में श्रीलंका के विरूद्ध आया था।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता