अहमदाबाद में पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमें मोहाली के दूसरे टेस्ट में जीत के साथ सीरीज पर कब्ज़ा करने की कोशिश में थी। न्यूजीलैंड के कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और उसके बाद कीवी बल्लेबाजों ने रनों का अम्बार खड़ा कर दिया। पहले विकेट के लिए मार्क रिचर्डसन ने लू विन्सेंट के साथ 231 रन जोड़ डाले। विन्सेंट ने 106 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये स्कॉट स्टाइरिस ने भी 119 रन बनाये और उन्होंने भी रिचर्डसन के साथ 151 रनों की साझेदारी की। 382 के स्कोर पर मार्क रिचर्डसन 145 रन बनाकर हरभजन सिंह की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद क्रेग मैकमिलन ने भी 100 रन बनाये और न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 630/6 का स्कोर बनाया। हालाँकि भारत की भी शुरुआत अच्छी रही और वीरेंदर सहवाग ने पहले विकेट के लिए आकश चोपड़ा के साथ 164 रन जोड़े। सहवाग ने 130 रनों की पारी खेली, वहीँ आकाश ने 60 रन बनाये। इस पारी में वीवीएस लक्ष्मण ने भी 104 रन बनाये और सचिन तेंदुलकर ने 55 रनों का योगदान दिया। हालाँकि बाकी के बल्लेबाज असफल रहे और 330/3 के स्कोर भारतीय टीम 424 रनों पर आउट हो गई। न्यूजीलैंड के पास 206 रनों की बढ़त थी और उन्होंने भारत को फ़ॉलोऑन के लिए कहा। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत काफी खराब रही और एक समय स्कोर 18/3 था। यहाँ से आकाश चोपड़ा ने वीवीएस लक्ष्मण के साथ 110 रन जोड़े और टेस्ट को ड्रॉ करवाया। चोपड़ा ने 52 और लक्ष्मण ने नाबाद 67 रनों का योगदान दिया और भारत ने 136/4 का स्कोर बनाया।