मयंक यादव ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, IPL में सबसे तेज गेंद डालने की लिस्ट में इस नंबर पर पहुंचे

मयंक यादव ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड (Photo Credit - IPLT20)
मयंक यादव ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड (Photo Credit - IPLT20)

आईपीएल (IPL) को हमेशा से ही बल्लेबाजों के लिए मुफीद माना गया है लेकिन 2008 में हुए पहले सीजन से लेकर अभी तक कई सारे गेंदबाजों ने भी अपना लोहा मनवाया है। इनमें से कुछ गेंदबाजों को उनकी पेस के लिए याद रखा जाता है। आईपीएल 2024 में अपना डेब्यू करने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव भी नई पेस सनसनी बनकर उभरे हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में आईपीएल 2024 की सबसे तेज गेंद डालकर सबको चौंका दिया था और अब उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ मैच में ये कारनामा किया।

Ad

मयंक यादव ने आईपीएल के अपने दूसरे मैच में आरसीबी के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने लगातार 145 या उससे ज्यादा की रफ्तार से गेंद डाली। उन्होंने इस दौरान 156.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली और अपने पिछले मैच का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब वो आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर आ गए हैं।

शॉन टैट के नाम है आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड

हालांकि अगर ओवरऑल बात की जाए तो आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज शॉन टैट के नाम है। उन्होंने 157.71 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी। आईपीएल 2011 के दौरान राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शॉन टैट ने ये कारनामा किया था।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्युसन दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 157.3 KMPH की रफ्तार से गेंद डाली थी। इसके बाद तीसरे नंबर पर भारत के उमरान मलिक हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 157 किलोमीटर प्रति घंटे की पेस से गेंद डालकर सबको चौंका दिया था। अब चौथे नंबर पर मयंक यादव आ गए हैं, जिन्होंने आरसीबी के खिलाफ 156.7 किलोमीटर की रफ्तार से गेंद डाली। पांचवें नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के एनरिक नॉर्ट्जे हैं, जिन्होंने 156.2 KMPH की स्पीड से आईपीएल 2020 में गेंद डाली थी।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications