बल्लेबाजों द्वारा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में बनाए 5 सर्वश्रेष्ठ स्कोर

1971 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप की शुरुआत के बाद बल्लेबाज को दोहरा शतक बनाने में काफी समय लग गया। महान आक्रामक बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स भी 200 का आंकड़ा पार करने में सफल नहीं हुए थे। यह भी सही है कि आधुनिक क्रिकेट की पुराने दौर से तुलना नहीं की जा सकती, फिर भले ही पहले वन-डे की पारी 55 या 60 ओवर की क्यों न होती हो। वन-डे क्रिकेट में तब औसत स्ट्राइक रेट 60-65 की रेंज में होता था। हालांकि 50 ओवर प्रारूप के आने के बाद इसमें काफी बदलाव आए। 21वीं शताब्दी के पहले दशक में बल्लेबाजों की स्ट्राइक रेट में 18 प्रतिशत का इजाफा हुआ और मौजूदा समय में इसमें और वृद्धि हुई है। वन-डे क्रिकेट में पहला दोहरा शतक जमाने का रिकॉर्ड क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 24 फरवरी 2010 को ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 200 रन बनाए थे। सचिन के इतिहास रचने के बाद उनके रिकॉर्ड को चार खिलाड़ियों ने पार किया। सचिन तेंदुलकर ने तब कहा था कि 'रिकॉर्ड्स बनते ही टूटने के लिए हैं।' आज हम आपको वन-डे क्रिकेट के पांच बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके नाम सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज हैं : #5) रोहित शर्मा - 209 रन 209 rohit भारत के विस्फोटक ओपनर रोहित शर्मा ने 2 नवंबर 2013 को बंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 158 गेंदों में 209 रन की धुआंधार पारी खेली थी। वह वन-डे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने थे। इस पारी में शर्मा ने 16 छक्के जमाए थे। रोहित ने वन-डे की एक पारी में किसी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया था। उन्होंने शेन वॉटसन के 15 छक्के के रिकॉर्ड को तोड़ा था। वॉटसन ने बांग्लादेश के खिलाफ 11 अप्रैल 2011 को ढाका में 96 गेंदों में खेली 185 रन की पारी के दौरान यह कारनामा किया था। मैच खत्म होने के बाद जॉर्ज बैली ने सचिन तेंदुलकर से तुलना करते हुए शर्मा की मनोरंजक पारी की जमकर तारीफ की थी। रोहित के वन-डे करियर की विशेष पारियों में से एक यह है। #4) क्रिस गेल - 215 रन during the 2015 ICC Cricket World Cup match between the West Indies and Zimbabwe at Manuka Oval on February 24, 2015 in Canberra, Australia. जब क्रिस गेल का बल्ला चलता है तो कोई उस तूफ़ान को रोक नहीं पाता। दुर्भाग्यवश ज़िम्बाब्वे उस दिन पीड़ित टीम बनी जिसे गेल के धमाकेदार शॉट को सहना पड़ा। गेल की पारी 2015 आईसीसी विश्व कप में आई थी। वह विश्व कप इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। गेल ने 24 फरवरी 2015 को मनुका ओवल, कैनबेरा में 147 गेंदों में 215 रन की आतिशी पारी खेली थी। उस पारी में उन्होंने 16 छक्के जमाए थे और इसी के साथ वह बल्लेबाज द्वारा एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा व एबी डीविलियर्स के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर काबिज हो गए। वन-डे में दोहरा शतक लगाने वाले गेल पहले गैर- भारतीय क्रिकेटर बने तथा विश्व के चौथे बल्लेबाज बने। #3) वीरेंदर सहवाग - 219 रन Indian batsman Virender Sehwag celebrate भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंदर सहवाग ने 8 दिसंबर 2011 को इंदौर के होलकर स्टेडियम में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 149 गेंदों में 219 रन की पारी खेली थी। क्रिकेट पंडितों ने पहले ही अनुमान लगाया था कि सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को सहवाग जरुर तोड़ने में कामयाब होंगे और नजफगढ़ के नवाब ने इस बात को सही साबित किया। उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने में ज्यादा समय नहीं लिया। सहवाग ने पारी के 36वें ओवर में 150 रन का आंकड़ा पारी किया और 44वें ओवर में 200 रन पूरे कर लिए। बाद में सुरेश रैना ने खुलासा किया था कि सहवाग ने विस्फोटक पारी खेलने के दौरान किशोर कुमार के गाने खूब गुनगुनाए थे। सहवाग ने गानों से अपना मूड अच्छा रखा और मनोरंजक पारी खेलकर प्रशंसकों का मूड अच्छा रखा। #2) मार्टिन गप्टिल - 237 रन New Zealand v West Indies: Quarter Final - 2015 ICC Cricket World Cup न्यूजीलैंड के ओपनर मार्टिन गप्टिल ने रिकॉर्ड बुक्स के पन्ने पलटकर रख दिए जब उन्होंने विश्व कप में क्रिस गेल द्वारा बनाए रिकॉर्ड को तोड़ दिया। गेल के नाम विश्व कप में पहला दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज था और गप्टिल ने उनके रनों की संख्या के आंकड़े को पार करके तहलका मचा दिया था। गप्टिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 मार्च 2015 को 163 गेंदों में नाबाद 237 रन की पारी खेलकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था। गप्टिल के लिए यह उपलब्धि बहुत बड़ी थी क्योंकि उन्होंने विश्व कप के क्वार्टरफाइनल मैच में क्रिस गेल के सामने ही यह उपलब्धि हासिल की थी। गेल ने कुछ सप्ताह पहले ज़िम्बाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक जमाकर रिकॉर्ड बनाया था। बाद में मार्टिन गप्टिल ने कहा था, 'वह पूरा दिन धुंधला था। बड़ी जल्दी दिन समाप्त हो गया था। मुझे याद नहीं है कि क्या हो रहा था।' #1) रोहित शर्मा - 264 264 rohit वन-डे में सर्वश्रेष्ठ स्कोर उस बल्लेबाज के नाम पर दर्ज है जिसका नाम इस सूची में पहले भी आ चुका है। वह विश्व का एकमात्र बल्लेबाज है जिसने वन-डे में दो बार दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया है। रोहित शर्मा ने अपने सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर को पीछे छोड़ते हुए श्रीलंका के खिलाफ 13 नवंबर 2014 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 173 गेंदों पर 264 रन बनाए थे। शर्मा ने इस दौरान 32 चौके व 9 छक्के जमाए थे और श्रीलंकाई गेंदबाजों के हौसले को पूरी तरह पस्त कर दिया था। इस पारी पर विश्वास करना अब भी बड़ा अचंभित लगता है क्योंकि उनके पहले 100 रन बहुत धीमे आए थर। फिर रोहित ने अचानक अपने गियर बदले और तेजी से 200 रन का आंकड़ा छुआ। इसके बाद वह और आक्रामक हो गए और 264 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद ज्यादा उत्साहित नजर भी नहीं आए। उन्होंने मैच के बाद कहा, 'मैं ज्यादा नहीं थका। मैं और 50 ओवर तक बल्लेबाजी के लिए तैयार हूं। जब मैंने 50 रन पूरे कर लिए तो मुझे अंदाजा था कि बड़ा स्कोर बना सकता हूं क्योंकि यह विकेट बल्लेबाजी के लिहाज से बहुत अच्छा था।'