न्यूजीलैंड के ओपनर मार्टिन गप्टिल ने रिकॉर्ड बुक्स के पन्ने पलटकर रख दिए जब उन्होंने विश्व कप में क्रिस गेल द्वारा बनाए रिकॉर्ड को तोड़ दिया। गेल के नाम विश्व कप में पहला दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज था और गप्टिल ने उनके रनों की संख्या के आंकड़े को पार करके तहलका मचा दिया था। गप्टिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 मार्च 2015 को 163 गेंदों में नाबाद 237 रन की पारी खेलकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था। गप्टिल के लिए यह उपलब्धि बहुत बड़ी थी क्योंकि उन्होंने विश्व कप के क्वार्टरफाइनल मैच में क्रिस गेल के सामने ही यह उपलब्धि हासिल की थी। गेल ने कुछ सप्ताह पहले ज़िम्बाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक जमाकर रिकॉर्ड बनाया था। बाद में मार्टिन गप्टिल ने कहा था, 'वह पूरा दिन धुंधला था। बड़ी जल्दी दिन समाप्त हो गया था। मुझे याद नहीं है कि क्या हो रहा था।'