अजिंक्य रहाणे की बेहतरीन पारी, इशांत शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ का जबरदस्त प्रदर्शन 

India Nets Session
Vijay Hazare Trophy 2022-23 - Ajinkya Rahane

Vijay Hazare Trophy 2022-23 की शुरुआत आज से हुई। पहले दिन ग्रुप स्टेज में कुल मिलाकर 18 मैच खेले गए। इसमें ग्रुप ए के चार, ग्रुप बी के चार, ग्रुप सी के चार, ग्रुप डी के तीन और ग्रुप ई के तीन मैच खेले गए। पहले दिन कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

आइये नज़र डालते हैं Vijay Hazare Trophy 2022-23 के पहले दिन के सभी परिणामों पर:

ग्रुप ए

पहले दिन ग्रुप ए के मुकाबले दिल्ली में खेले गए। सौराष्ट्र ने चंडीगढ़ को सात विकेट, गुजरात ने मणिपुर को 152 रन, हैदराबाद ने हिमाचल प्रदेश को वीजेडी मेथड से 17 रन और उत्तर प्रदेश ने त्रिपुरा को 83 रनों से हराया।

सौराष्ट्र के लिए जीत में हार्विक देसाई और समर्थ व्यास ने अर्धशतकीय पारियां खेली। गुजरात की तरफ से कप्तान प्रियांक पांचाल ने 136 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। हैदराबाद के लिए रोहित रायुडू (156) और तिलक वर्मा (132*) ने शतक लगाया, वहीं हिमाचल प्रदेश के लिए अमित कुमार (103) ने शतक लगाया। उत्तर प्रदेश के लिए रिंकू सिंह ने 82 रन की बढ़िया पारी खेली।

ग्रुप बी

पहले दिन ग्रुप बी के मुकाबले कोलकाता में खेले गए। झारखंड ने सिक्किम को 193 रन, दिल्ली ने विदर्भ को 5 विकेट, कर्नाटक ने मेघालय को 115 रन और असम ने राजस्थान को 143 रन से हराया।

झारखंड की तरफ से विराट सिंह, सौरभ तिवारी, कुमार देवब्रत और उत्कर्ष सिंह ने अर्धशतक लगाया। गेंदबाजी में राहुल शुक्ला ने पांच विकेट लिए। दिल्ली की तरफ से इशांत शर्मा और प्रदीप सांगवान ने तीन-तीन विकेट लिए, वहीं ललित यादव ने अर्धशतक लगाया और शिखर धवन ने 47 रन बनाये। कर्नाटक की तरफ से श्रेयस गोपाल (64 एवं 3/21) ने बढ़िया ऑलराउंड प्रदर्शन किया। असम की तरफ से रियान पराग ने 84 गेंदों में 117 रनों की धुआंधार शतकीय पारी खेली।

ग्रुप सी

पहले दिन ग्रुप सी के मुकाबले बेंगलुरु और अलूर में खेले गए, लेकिन बारिश ने सभी मैच में खलल डाला। हरियाणा-केरल, बिहार-तमिलनाडु, आंध्रा-गोवा और छत्तीसगढ़-अरुणाचल प्रदेश मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुए।

ग्रुप डी

पहले दिन ग्रुप डी के मुकाबले मुंबई में खेले गए। बड़ौदा ने नागालैंड को 167 रन, उत्तराखंड ने ओडिशा को 4 विकेट और जम्मू एवं कश्मीर ने मध्य प्रदेश को 2 विकेट से हराया।

बड़ौदा के अतीत शेठ ने 87 रन की बेहतरीन पारी खेली, वहीं नागालैंड के आकाश सिंह ने 5 विकेट लिए। उत्तराखंड की तरफ से दीक्षाँशु नेगी ने नाबाद 80 रन बनाये, वहीं हिमांशु बिष्ट ने चार विकेट लिया। मध्य प्रदेश के यश दुबे ने 121 रनों की शतकीय पारी खेली, लेकिन जम्मू-कश्मीर ने विवरान्त शर्मा, हेनन मलिक और अब्दुल समद की अर्धशतकीय पारी की मदद से बड़े स्कोर वाले मुकाबले में जीत हासिल की।

ग्रुप ई

पहले दिन ग्रुप ई के मुकाबले रांची में खेले गए। मुंबई ने बंगाल को 8 विकेट, महाराष्ट्र ने रेलवे को 7 विकेट और पुडुचेरी ने मिज़ोरम को 7 विकेट से हराया।

मुंबई की तरफ से अजिंक्य रहाणे ने नाबाद 59 रन बनाये, वहीं गेंदबाजी में तनुष कोटियान ने चार विकेट लिए। महाराष्ट्र की तरफ से ऋतुराज गायकवाड़ (124*) ने नाबाद शतक लगाया, वहीं राहुल त्रिपाठी ने 75 रन बनाये। पुडुचेरी के लिए अरुण कार्तिक ने नाबाद 59 रन बनाये।

Quick Links

App download animated image Get the free App now