वीवीएस लक्ष्मण ने शेयर की गरीब बच्चों को पढ़ाने वाले एटीएम गार्ड की कहानी

भारतीय खिलाड़ी सिर्फ देश के लिए खेल कर ही देश का नाम रोशन नहीं करते हैं बल्कि देश के विभिन्न आयोजन और गतिविधियों में शामिल होकर भी देश सेवा करते हैं। खिलाड़ी देश की प्रतिभाओं को माध्यम भी प्रदान करते हैं या उनकी सराहना कर उन्हें लोगों की नज़र में जरूर लाते हैं। ऐसा ही कुछ पूर्व भारतीय खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण ने भी किया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया था, जो लोगों के बीच अब चर्चा का विषय बना हुआ है। लक्ष्मण ने ट्विटर पर देहरादून के एक एटीएम में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड की तस्वीर डालकर उन्हें सलाम किया था। लक्ष्मण के इस पोस्ट को पढ़ने के बाद लोग भी उस गार्ड की जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट करते हुए लिखा ‘मिलिए ब्रिजेंद्र से, यह एक सच्चे हीरो हैं। देहरादून के एक एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हुए वह आस-पास के गरीब बच्चों को फ्री में पढ़ाने का काम करते हैं। ब्रिजेंद्र आर्मी से रिटायर्ड हो चुके हैं, इसके बावजूद वह यह काम कर रहे हैं। गरीब बच्चों को शाम के समय वह एटीमएम की रोशनी में पढ़ाते हैं। इनके इस जज्बे की सराहना करते हुए इन्हें सलाम करता हूं।” लक्ष्मण के इस पोस्ट को फैन्स से खूब पसंद किया, इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर लक्ष्मण की तरह कई लोगों ने इसे शेयर भी किया।

लक्ष्मण के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया ही नहीं बल्कि पूरे देश भर से ब्रिजेंद्र को लोगों का प्यार मिल रहा है। इससे पहले साल 2016 में भी ब्रिजेंद्र अपने इस नेक काम की वजह से लोगों के बीच सुर्खियां बटोर चुके हैं। लक्ष्मण ने अपने टि्वटर हैंडल पर उनकी कहानी को शेयर कर एक बार फिर ब्रिजेंद्र को दुनिया की नज़रों में ला दिया है। सोशल मीडिया पर लोग ब्रिजेन्द्र की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। आइये नज़र डालते हैं ऐसे ही कुछ ट्वीट्स पर -

Edited by Staff Editor