वीडियो: मधुमक्खी ने क्विंटन डी कॉक को काटा, शॉन मार्श आउट होने से बचे

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे जोहान्सबर्ग टेस्ट के दूसरे दिन एक अजीब घटना देखने को मिली। मैदान पर एक मधुमक्खी की वजह से विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक स्टम्पिंग करने से चूक गए। दरअसल कंगारू बल्लेबाज शॉन मार्श को केशव महाराज ने छकाते हुए गेंद बाहर निकाली थी। मार्श का पांव क्रीज से बाहर था और गेंद डी कॉक के हाथों में पहुंच गई थी। मधुमक्खी ने उसी समय डी कॉक को डंक मार दिया और वे गेंद पकड़ने में नाकाम हो गए। मार्श इस वक्त 15 रन पर खेल रहे थे और महाराज की गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में चूक गए थे। जैसे ही गेंद को पकड़ने के लिए डी कॉक नीचे झूके, बाएं मधुमक्खी के डंक की वजह से वे दर्द से कराह उठे और गेंद उनके पैड से टकराकर निकल गई। इसके बाद डी कॉक ने मधुमक्खी को हाथ से पकड़कर फेंक दिया। यह पहला मौका नहीं है जब दक्षिण अफ्रीका में ऐसा हुआ है। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ पिंक एकदिवसीय मैच के दौरान भी मधुमक्खियों ने धावा बोलकर खेल रुकवा दिया था। उस दौरान सभी खिलाड़ी मैदान पर ही लेट गए थे और पूरी तरह से मैदान साफ़ होने तक वहीँ टिके रहे। कुछ देर बाद ही खेल शुरू हो पाया था।