महेंद्र सिंह धोनी को क्यों नहीं मिला विदाई मैच, पूर्व चयनकर्ता ने किया बड़ा खुलासा

India v New Zealand - ICC Cricket World Cup 2019 Semi-Final
India v New Zealand - ICC Cricket World Cup 2019 Semi-Final

भारतीय टीम (Indian Team) के सबसे धाकड़ कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के अचानक संन्यास के बाद कई तरह की खबरें आई थी और सवाल भी खड़े हुए थे। फैन्स ने यह भी कहा कि धोनी जैसे दिग्गज खिलाड़ी को विदाई मैच मिलना चाहिए था और वह इसके हकदार भी थे। इसको लेकर पूर्व चयनकर्ता ने एक बड़ी बात कही है।

पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने न्यूज नेशन से बातचीत करते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे वर्ल्ड कप 2019 में अंतिम बार खेला था और वह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले 2020 टी20 वर्ल्ड कप में खेलना चाहते थे। कोरोना वायरस के कारण टूर्नामेंट स्थगित हो गया और धोनी ने संन्यास ले लिया। उन्होंने भारत को पहला टी20 वर्ल्ड कप जिताया था, ऐसे में 2020 टी20 वर्ल्ड कप में भी वह खेलते और उन्हें विदाई मैच भी मिलता लेकिन ऐसा नहीं हो पाया क्योंकि टूर्नामेंट स्थगित हो गया था।

महेंद्र सिंह धोनी ने चौंकाया था

महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अचानक संन्यास का ऐलान किया था। उस समय वह चेन्नई में आईपीएल की तैयारी कर रहे थे और टीम को यूएई के लिए निकलना था। धोनी के साथ सुरेश रैना ने भी इसी दिन खेल को अलविदा कह दिया था। दोनों के इस फैसले को देखकर फैन्स को काफी हैरानी हुई। इसके बाद धोनी के फेयरवेल मैच को लेकर भी काफी चर्चा हुई लेकिन समय के साथ सब बातें पुरानी हो गई।

India & New Zealand Net Sessions
India & New Zealand Net Sessions

महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे वर्ल्ड कप 2019 में खेलने के बाद एक लम्बा ब्रेक लिया और एक साल तक वह नहीं खेल पाए। बीच में कोरोना वायरस का प्रकोप भी था। इसके बाद उन्होंने संन्यास लेना उचित समझा। हालांकि मांग यह भी की गई थी कि उन्हें संन्यास से वापस लाकर विदाई मैच खेलने के लिए बुलाया जाए लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

Quick Links