ICC ने की इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर के विजेताओं की घोषणा, अर्शदीप सिंह को मिली निराशा 

अर्शदीप सिंह अवार्ड जीतने से चूक गए
अर्शदीप सिंह अवार्ड जीतने से चूक गए

आईसीसी द्वारा 2022 में किये गए प्रदर्शन के आधार पर लगातार अवार्ड के विजेताओं की घोषणा का सिलसिला जारी है और इसी क्रम में इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर (ICC Emerging Cricketer of the Year) के विजेताओं की भी घोषणा कर दी गई है। पुरुष वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के लम्बे कद के ऑलराउंडर मार्को जानसेन को विजेता घोषित किया गया हैं, जबकि महिला वर्ग में भारत की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने बाजी मारी है।

पुरुष वर्ग में कुल चार खिलाड़ी नॉमिनेट थे, जिसमें भारत के अर्शदीप सिंह, दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन, न्यूजीलैंड के फिन एलन और अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान शामिल थे। महिला वर्ग में भी चार खिलाड़ियों के रूप में भारत की रेणुका सिंह और यास्तिका भाटिया, ऑस्ट्रेलिया की डार्सी ब्राउन और इंग्लैंड की एलिस कैप्सी शामिल थीं।

पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन ने पहले 9 टेस्ट मैचों में (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग टेस्ट को मिलाकर) 36 टेस्ट विकेट लिए थे और 22.90 की औसत से 229 रन बनाए भी बनाये थे। उन्होंने वनडे में दो और टी20 में एक विकेट भी हासिल किया था। लम्बे कद के इस युवा खिलाड़ी ने काफी प्रभाव दिखाया है और भविष्य में अपनी टीम के लिए काफी अहम हो सकते हैं।

भारत की रेणुका सिंह ने अपनी सीम और स्विंग से बल्लेबाजों को जमकर परेशान करने का काम किया था। उन्होंने वनडे में 14.88 की औसत से 18 और टी20 में 23.95 की औसत से 22 विकेट चटकाए थे। अपने इसी प्रदर्शन की बदौलत अपने वर्ग की अन्य खिलाड़ियों को मात देते हुए विजेता बनीं।

2022 में अर्शदीप सिंह ने भी किया था शानदार प्रदर्शन

पिछले साल भारत के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले अर्शदीप सिंह ने भी काफी प्रभावित किया था। बाएं हाथ के गेंदबाज ने 21 टी20 मैचों में 8.17 के इकॉनमी से कुल 33 विकेट अपने नाम किये थे। हालाँकि, वनडे क्रिकेट में अभी तक तीन मुकाबलों में खेलने के बावजूद एक भी विकेट नहीं हासिल किया था।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment