Pro Kabaddi 2023: PKL 10 में पहले स्थान पर चल रही टीम की लगातार 8वीं जीत, कप्तान का जबरदस्त प्रदर्शन और डिफेंस ने भी दिखाया दम

PKL 10
PKL 10 में Puneri Paltan का विजयरथ जारी (Photo: Pro Kabaddi 2023)

PKL 10: प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi 2023) के 10वें सीजन (PKL 10) के 68वें मैच में पुनेरी पलटन ने गुजरात जायंट्स को 37-17 से करारी शिकस्त दी। पुणे की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर स्थिति काफी ज्यादा मजबूत हो गई है और यह उनकी लगातार 8वीं जीत है। गुजरात जायंट्स चौथे स्थान पर हैं।

पुनेरी पलटन के लिए PKL 10 के इस मैच में रेडिंग में कप्तान असलम इनामदार ने सबसे ज्यादा 9 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में गौरव खत्री ने हाई 5 लगाते हुए 6 टैकल पॉइंट्स लिए। गुजरात जायंट्स के लिए रेडिंग में प्रतीक दहिया ने सबसे ज्यादा 3 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में सोमबीर ने हाई 5 लगाते हुए 6 टैकल पॉइंट्स लिए।

Pro Kabaddi 2023: PKL 10 में Puneri Paltan के डिफेंस और कप्तान ने दिखाया दम

पुनेरी पलटन ने पहले हाफ के बाद 20-9 से बढ़त बनाई। पुणे ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए गुजरात को दबाव में डाला, लेकिन जायंट्स ने भी जल्द वापसी की। एक समय पलटन के सिर्फ तीन डिफेंडर्स एक्टिव रह गए थे, यहां पर पहले गौरव ने सोनू को सुपर टैकल किया और इसके बाद पुणे ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसी वजह से वो काफी जल्दी जायंट्स को पहली बार ऑल-आउट करने में कामयाब हुए और 20 मिनट के बाद 11 पॉइंट्स की लीड बनाने में कामयाब हुए।

दूसरे हाफ की शुरुआत ही से पुनेरी पलटन का दबदबा देखने को मिला और उनके डिफेंस के आगे गुजरात जायंट्स के रेडर्स की एक नहीं चली। पुणे ने काफी जल्दी दूसरी बार गुजरात को लोना दिया और यहां से उनकी लीड भी काफी ज्यादा हो गई थी। गुजरात के रेडर्स नहीं चले और इसी वजह से वो मुकाबले में वापसी करने में पूरी तरह नाकाम हुए। गौरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना हाई 5 भी पूरा किया। पुणे की टीम अंत में फिर से गुजरात जायंट्स को ऑल-आउट करने के करीब आई थी, लेकिन पहले सोमबीर ने सुपर टैकल करते हुए अपना हाई 5 पूरा किया और इसके बाद विकास जागलान ने पंकज मोहिते को सुपर टैकल करते हुए लोना का खतरा टाला।

हालांकि, वो सिर्फ हार के अंतर को कम करने में कामयाब हुए। पुनेरी पलटन ने आसानी के साथ मैच जीत लिया और गुजरात जायंट्स को एक अंक भी नहीं मिला। कप्तान असलम ने मैच में 10 (9 रेड और एक टच) पॉइंट्स लिए। इसके अलावा PKL 10 के इस मुकाबले में पुणे के डिफेंस ने कुल मिलाकर 17 टैकल पॉइंट्स लिए। आपको बता दें कि दूसरे हाफ में गुजरात रेडिंग के जरिए सिर्फ दो पॉइंट्स हासिल कर पाए थे।

Quick Links