PKL 2022 में नवीन कुमार के ऐतिहासिक कारनामे के बीच उनका जबरदस्त प्रदर्शन गया बेकार, गत विजेता की राह हुई मुश्किल

PKL 2022
PKL 2022 में नवीन कुमार का ऐतिहासिक कारनामा (Photo: Pro Kabaddi League)

PKL 2022 के 115वें मुकाबले में पुनेरी पलटन ने दबंग दिल्ली केसी को 47-44 से हराते हुए जबरदस्त जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पुनेरी पलटन की टीम पहले स्थान पर आ गई है और दिल्ली की टीम अभी भी छठे स्थान पर ही है। दिल्ली की अगले दौर की राह काफी मुश्किल हो गई है।

PKL 2022 में नवीन कुमार का बहुत बड़ा कारनामा

इस मैच में नवीन कुमार ने PKL करियर में अपने 900 रेड पॉइंट्स पूरे किए। दिल्ली के लिए नवीन ने ही सबसे ज्यादा 16 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में रवि कुमार-विजय ने दो-दो टैकल पॉइंट्स लिए। पुनेरी पलटन के लिए आकाश शिंदे और पंकज मोहिते ने सुपर 10 लगाया। डिफेंस में अबिनेश नादराजन ने हाई 5 लगाया।

पहले हाफ के बाद पुनेरी पलटन ने दबंग दिल्ली केसी के खिलाफ 22-21 से बढ़त बनाई। मैच की पहली रेड करने दबंग दिल्ली केसी की तरफ से विजय गए, लेकिन वो इसमें आउट हो गए। उन्होंने बोनस के जरिए अपनी टीम का खाता जरूर खोला। नवीन कुमार ने भी बोनस के जरिए अपना पहला पॉइंट हासिल किया। आशु सिंह ने अपनी टीम के लिए पहला टच पॉइंट हासिल किया। पुणे की पहली डू और डाई रेड आकाश शिंदे ने की, जिसमें वो आउट हो गए। उन्होंने भी बोनस लेते हुए अपनी टीम का रेडिंग में खाता खोला। मोहम्मद इस्माइल नबीबक्श ने अपनी दूसरी रेड में पहला पॉइंट हासिल किया। फज़ल के सेल्फ आउट होने की वजह से नवीन आउट होने से बचने में कामयाब हुए। दिल्ली ने अपनी रेडिंग के दम पर पुणे को ऑल-आउट की तरफ धकेल दिया। 9वें मिनट में पहली बाल दबंग दिल्ली केसी ने पुनेरी पलटन को लोना दे दिया। अमित हूडा से डिफेंस में लगातार गलतियां हुई, जिसका फायदा पुणे की तरफ से पहले मोहित और फिर आकाश ने उठाया।

हालांकि नवीन कुमार ने अपनी एक ही रेड में पुणे के दो डिफेंडर्स को आउट करते हुए मैच में अफनी टीम की पकड़ को मजबूत किया। अमित और रवि कुमार दिल्ली के डिफेंस की कमजोर कड़ी साबित हुई। दिल्ली की डू और डाई रेड में नवीन के आउट होने से गत विजेता को झटका लगा। दिल्ली की टीम के ऊपर भी ऑल-आउट का खतरा मंडराने लगा। दिल्ली के जब दो डिफेंडर्स रह गए थे तभी उन्होंने नबी को जबरदस्त तरीके से सुपर टैकल करते हुए अपनी टीम को कुछ देर के लिए बचाया। 20वें मिनट में दबंग दिल्ली केसी पहली बार ऑल-आउट हो गई। पुणे ने रेड करते हुए विशाल और डिफेंस में नवीन को आउट करते हुए पहले हाफ के बाद एक पॉइंट की लीड हासिल की।

दबंग दिल्ली केसी ने दूसरे हाफ की पहली रेड में एक अच्छा टैकल किया, लेकिन इसके बाद से पुनेरी पलटन का दबदबा देखने को मिला। इसी वजह से वो दिल्ली को दूसरी बार लोना देने के करीब आ गए। आकाश शिंदे ने अपना सुपर 10 भी पूरा किया। 26वें मिनट में दबंग दिल्ली केसी दूसरी बार ऑल-आउट हो गई। नवीन पहले हाफ की आखिरी रेड में आउट हुए थे और वो टीम के ऑल-आउट होने के बाद ही कोर्ट में वापस आए। आकाश शिंदे ने सुपर रैड लगाते हुए दिल्ली के तीन डिफेंडर्स को आउट किया और मैच में पुणे की लीड में इजाफा किया। इसी वजह से उनके ऊपर तीसरी बार ऑल-आउट होने का खतरा मंडराने लगा था।

दिल्ली के कप्तान ने सुपर रेड लगाते हुए पुणे के दो डिफेंडर्स को आउट किया। इसी के साथ उन्होंने अपना सुपर 10 पूरा किया और दिल्ली के ऊपर से ऑल-आउट का खतरा टाला। पुणे की तरफ से पंकज मोहिते ने भी अपना सुपर 10 पूरा किया। 32वें मिनट में आखिरकार तीसरी बार पुनेरी पलटन ने दिल्ली को लोना दे दिया। पुणे के लिए अबिनेश नादराजन ने अपना हाई 5 भी इस बीच पूरा किया। दिल्ली ने वापसी का प्रयास किया और पुणे के चार खिलाड़ियों को आउट किया। इसके बाद नवीन कुमार की रेड में पुणे के तीन में से दो डिफेंडर्स भी आउट हो गए। नबीबक्श ने बोनस के साथ एक टच पॉइंट हासिल करते हुए एक बार अपनी टीम को बचाया, लेकिन 38वें मिनट में दिल्ली की टीम को पुणे को ऑल-आउट करने में कामयाबी मिली। अंत में मैच काफी ज्यादा रोमांचक हो गया था, लेकिन पुनेरी पलटन ने इसमें जीत दर्ज करने में कामयाबी पाई। दिल्ली को सिर्फ एक अंक मिला।

Quick Links