PKL 2022 की फ्लॉप 7, प्रो कबड्डी लीग के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी का निराशाजनक प्रदर्शन 

PKL 2022 Flop 7 (Photo - Pro Kabaddi League)
PKL 2022 Flop 7 (Photo - Pro Kabaddi League)

प्रो कबड्डी लीग (Pro Kabaddi League) का नौवां सीजन खत्म हो चुका है। PKL 2022 में जयपुर पिंक पैंथर्स ने खिताब जीता, वहीं पुनेरी पलटन ने पहली बार फाइनल में प्रवेश किया। इसके अलावा यूपी योद्धा, बेंगलुरु बुल्स, तमिल थलाइवाज और दबंग दिल्ली ने भी टॉप 6 में प्रवेश किया था।

इन टॉप 6 टीमों के काफी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन काफी खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने टीम के बढ़िया प्रदर्शन के बावजूद निराश किया। इन फ्लॉप खिलाड़ियों में PKL 2022 के ऑक्शन के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

आइये अब नज़र डालते हैं PKL 2022 के फ्लॉप 7 पर:

# विकास कंडोला, रेडर (बेंगलुरु बुल्स)

PKL 2022 के ऑक्शन में बेंगलुरु बुल्स ने विकास कंडोला को 1 करोड़ 70 लाख की महंगी कीमत में खरीदा था, लेकिन विकास ने पूरे सीजन अपने प्रदर्शन से निराश किया। विकास ने नौवें सीजन में 24 मैचों में सिर्फ 135 रेड पॉइंट हासिल किये, जिसमें 4 सुपर 10 शामिल थे। विकास का प्रति मैच औसत 6 से भी कम रहा और मुख्य रेडर के हिसाब से यह काफी कम है।

# राहुल चौधरी, रेडर (जयपुर पिंक पैंथर्स)

PKL 2022 की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स ने राहुल चौधरी को सेकंड रेडर के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया था, हालाँकि राहुल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। राहुल चौधरी ने नौवें सीजन के 21 मैचों में सिर्फ 71 रेड पॉइंट हासिल किये, जिसमें 2 सुपर 10 शामिल थे। राहुल का प्रति मैच औसत 4 से भी कम रहा।

# मोहम्मद नबीबक्श, ऑलराउंडर (पुनेरी पलटन)

PKL 2022 में पुनेरी पलटन ने अच्छा प्रदर्शन किया और पहली बार फाइनल में जगह बनाई। हालाँकि ईरान के उनके प्रमुख ऑलराउंडर मोहम्मद नबीबक्श ने काफी ज्यादा प्रभावित नहीं किया। नबीबक्श ने नौवें सीजन में 15 मैच खेले, जिसमें उनके नाम सिर्फ 22 रेड और 14 टैकल पॉइंट हासिल किये। उन्होंने एक भी सुपर 10 या हाई 5 नहीं लगाया।

# नितेश कुमार, कप्तान और राइट कॉर्नर (यूपी योद्धा)

PKL 2022 की शुरुआत में नितेश कुमार यूपी योद्धा के कप्तान थे, लेकिन अपने निराशाजनक प्रदर्शन के कारण उन्होंने बीच सीजन कप्तानी छोड़ दी। नौवें सीजन में नितेश कुमार ने 22 मैचों में सिर्फ 34 टैकल पॉइंट लिए, जिसमें एक भी हाई 5 शामिल नहीं था।

# संदीप ढुल, लेफ्ट कॉर्नर (दबंग दिल्ली)

दबंग दिल्ली ने PKL 2022 में अनुभवी संदीप ढुल को टीम में शामिल किया था, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन ने निराश किया। संदीप ने नौवें सीजन में 17 मैच खेले, जिसमें उन्होंने सिर्फ एक हाई 5 की मदद से 31 टैकल पॉइंट हासिल किये।

# रवि कुमार, राइट कवर (दबंग दिल्ली)

दबंग दिल्ली ने PKL 2022 में एक और प्रमुख डिफेंडर और राइट कवर रवि कुमार को टीम में शामिल किया था, लेकिन उन्होंने भी निराश किया। रवि ने 19 मैचों में एक भी हाई 5 के बिना सिर्फ 22 टैकल पॉइंट लिए और उनका प्रति मैच औसत काफी कम रहा।

# महेंदर सिंह, लेफ्ट कवर (तेलुगु टाइटंस)

PKL 2022 में बेंगलुरु बुल्स के कप्तान महेंदर सिंह ने टीम को टॉप 4 में पहुंचाया, लेकिन उनका खुद का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। महेंदर ने 23 मैचों में सिर्फ एक हाई 5 की मदद से 44 टैकल पॉइंट लिए और उनका प्रति मैच औसत 2 से भी कम रहा।

Quick Links

Edited by Prashant