प्रो कबड्डी लीग के सातवें सीजन का आज पुणे लेग समाप्त हुआ। घरेलू टीम पुनेरी पलटन ने अपने होम लेग में 4 में 2 मुकाबले जीते, तो एक मुकाबला उनका टाई रहा और एक मैच में उन्हें शिकस्त मिली। वो इस समय अंक तालिका में 42 अंकों के साथ आठवें स्थान पर हैं और अभी भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकते हैं।
पुणे लेग के बाद भी दबंग दिल्ली पहले स्थान पर ही हैं और उनके 69 पॉइंट हैं। इसके अलावा तमिल थलाइवाज अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर हैं। उनके लिए प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है।
पुणे लेग के बाद अंक तालिका इस प्रकार है:


पुणे लेग के बाद सबसे ज्यादा रेड पॉइंट्स

पुणे लेग के बाद भी बेंगलुरु बुल्स के पवन सहरावत ही पहले स्थान पर मौजूद हैं। उनके 217 पॉइंट हैं। पुणे लेग में परदीप नरवाल को एक स्थान का फायदा हुआ और नवीन कुमार की जगह दूसरे स्थान पर आ गए, तो नवीन तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। परदीप नरवाल का प्रदर्शन पुणे लेग में जबरदस्त रहा, उन्होंने दो मुकाबलों में 35 पॉइंट हासिल किए, तो नवीन एक्सप्रेस ने भी 23 पॉइंट हासिल करते हुए अपनी फॉर्म को जारी रखा। मनिंदर सिंह चौथे और सिद्धार्थ देसाई पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
पुणे लेग के बाद सबसे ज्यादा टैकल पॉइंट्स

पुणे लेग के बाद तेलुगु टाइटंस के विशाल भारद्वाज टॉप डिफेंडर्स की लिस्ट में 58 अंकों के साथ पहले स्थान पर आ गए हैं। दूसरी तरफ संदीप ढुल 57 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इसके अलावा यू मुंबा के कप्तान फजल अत्राचली (53) तीसरे और सुमित (53) चौथे स्थान पर कायम हैं और टॉप 5 में पुनेरी पलटन के कप्तान सुरजीत सिंह ने जगह बनाई। उनके 51 अंक हैं और बुल्स के महेंदर सिंह टॉप 5 से बाहर हो गए हैं।
आइए नजर डालते हैं पुणे लेग में बने कुछ प्रमुख आंकड़ों पर:
1- पटना पाइरेट्स के कप्तान परदीप नरवाल ने प्रो कबड्डी में अपने 1050 और सातवें सीजन में 200 रेड पॉइंट्स भी पूरे किए। इसके अलावा इस सीजन में उन्होंने लगातार 7 सुपर 10 भी पूरे किए।
2- दबंग दिल्ली के स्टार रेडर नवीन कुमार के सुपर 10 का सिलसिला जारी है और अब उन्होंने मौजूदा सीजन में लगातार 14 सुपर 10 पूरे कर लिए हैं।
3- पटना पाइरेट्स के डिफेंडर नीरज ने एक मैच में सबसे ज्यादा टैकल पॉइंट (11) करने के रिकॉर्ड की बराबरी की और यह इस सीजन में किसी भी डिफेंडर द्वारा किया गया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
4- तमिल थलाइवाज के बिना कोई मुकाबला जीते 11 मुकाबले हो गए हैं और प्रो कबड्डी लीग में यह शर्मनाक रिकॉर्ड अब उनके नाम हो गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड बेंगलुरु बुल्स और दबंग दिल्ली के नाम था, दोनों ही टीमों ने बिना कोई मुकाबला जीते 10 मैच खेले थे।