Pro Kabaddi League: 5 खिलाड़ियों जिन्होंने PKL के अपने पहले ही सीजन में सबसे ज्यादा पॉइंट्स हासिल किए

Pro Kabaddi League
Pro Kabaddi League में किन प्लेयर्स ने अपने डेब्यू सीजन में हासिल किए सबसे ज्यादा पॉइंट्स?

Pro Kabaddi 2023: प्रो कबड्डी लीग (Pro Kabaddi League) ने पिछले 9 सीजन में सिर्फ बड़े-बड़े खिलाड़ियों ने ही अपना नाम नहीं बनाया है, बल्कि कई युवा खिलाड़ियों को भी ऐसा मंच दिया है, जहां वो अपनी काबिलियत दिखा पाए हैं। परदीप नरवाल, पवन कुमार सेहरावत, नवीन कुमार जैसे खिलाड़ी इसी लिस्ट में आते हैं।

हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिन्हें अपना जलवा दिखाने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन Pro Kabaddi League में हमने ऐसे कई खिलाड़ियों को देखा है जिन्होंने पहले ही सीजन से सभी को दिखा दिया कि वो क्या करने का दम रखते हैं। इस आर्टिकल में हम ऐसे ही 5 खिलाड़ियों के बारे में बात करने वाले हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा पॉइंट्स स्कोर किए।

#) Pro Kabaddi League सीजन 8 में दिखा था असलम इनामदार का जलवा

असलम इनामदार ने Pro Kabaddi League में अपना डेब्यू सीजन 8 में पुनेरी पलटन के लिए खेलते हुए किया था। असलम ने उस वक्त टीम में अपनी जगह को पक्का किया, जब पुनेरी पलटन के पास नितिन तोमर और राहुल चौधरी जैसे दिग्गज खिलाड़ी पहले से ही मौजूद थे। इसके बावजूद उन्होंने अपना नाम बनाया और अपने प्रदर्शन से सभी को काफी ज्यादा प्रभावित भी किया।

8वें सीजन में असलम ने 23 मैचों में 189 पॉइंट्स स्कोर किए, जिसमें 169 पॉइंट्स रेडिंग और 20 पॉइंट्स टैकल करते हुए उन्होंने हासिल किए। इस बीच असलम ने 5 सुपर 10 और 7 सुपर रेड भी लगाई थी। आपको बता दें कि असलम PKL 8 में टॉप 10 रेडर्स में शामिल थे और उनके प्रदर्शन की वजह से पुणे की टीम ने प्ले-ऑफ तक का सफर तय किया था। Pro Kabaddi 2023 में भी असलम इनामदार पुनेरी पलटन के लिए ही खेलने वाले हैं।

#) Pro Kabaddi League में छठे सीजन से दौड़ रही है नवीन 'एक्सप्रेस'

मौजूदा समय में Pro Kabaddi League के सबसे बड़े खिलाड़ियों की बात होती है तो इसमें नवीन कुमार का नाम भी लिया जाता है। नवीन कुमार सबसे पहले इस लीग का हिस्सा सीजन 6 में बने थे और दबंग दिल्ली केसी के लिए उन्होंने डेब्यू किया था। अपने पहले ही PKL सीजन में नवीन ने 177 पॉइंट्स स्कोर किए थे।

इसमें 172 पॉइंट रेडिंग और 5 पॉइंट्स टैकल के जरिए उन्होंने हासिल किए थे। नवीन ने 8 सुपर 10 लगाए थे और साथ ही दो सुपर रेड और एक सुपर टैकल भी किया। नवीन के डेब्यू के बाद से ही हर सीजन वो दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ रेडर रहे हैं। Pro Kabaddi League में उनके नाम कई रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। वो लगातार सबसे ज्यादा सुपर 10 (28) लगाने वाले खिलाड़ी हैं, इस लीग में सबसे तेज 900 रेड पॉइंट्स पूरे करने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है।

इसी वजह से उन्हें नवीन 'एक्सप्रेस' भी कहा जाता है और डेब्यू के बाद से ही उनका जलवा देखने को मिल रहा है। नवीन के दिल्ली में खेलते हुए ना सिर्फ टीम हर सीजन में प्ले-ऑफ में पहुंचने में कामयाब हुई है, बल्कि सीजन 8 में टीम ने पहली बार खिताबी जीत भी दर्ज की। Pro Kabaddi 2023 में भी वो दबंग दिल्ली केसी के लिए खेलने वाले हैं।

#) Pro Kabaddi League के 9वें सीजन में प्रतीक दहिया ने बनाया अपना नाम

प्रतीक दहिया ने Pro Kabaddi League के 9वें सीजन में गुजरात जायंट्स के लिए अपना डेब्यू किया। भले ही टीम प्ले-ऑफ में पहुंचने में कामयाब नहीं हुई, लेकिन अपने लाजवाब प्रदर्शन की बदौलत प्रतीक ने जरूर सभी को काफी ज्यादा प्रभावित किया। सिर्फ 19 मैचों में ही प्रतीक दहिया ने 183 पॉइंट्स स्कोर किए।

आपको बता दें कि प्रतीक दहिया ने रेडिंग में 178 और डिफेंस में 5 पॉइंट्स हासिल किए। इस बीच वो 11 सुपर 10 लगाने में भी कामयाब हुए और उन्होंने 4 सुपर रेड भी की। वो गुजरात जायंट्स के सर्वश्रेष्ठ रेडर तो थे ही, साथ ही PKL 9 में टॉप रेडर्स की लिस्ट में सातवें नंबर पर थे। Pro Kabaddi 2023 में भी प्रतीक दहिया गुजरात जायंट्स के लिए ही खेलने वाले हैं।

#) Pro Kabaddi League के छठे सीजन में पहली बार दिखा था सिद्धार्थ देसाई का दम

सिद्धार्थ देसाई ने Pro Kabaddi League के छठे सीजन में डेब्यू किया था और यू मुंबा के लिए वो पहली बार खेलते हुए दिखाई दिए थे। इस सीजन में सिद्धार्थ ने 21 मैचों में 221 पॉइंट्स स्कोर करते हुए अपना दम दिखाया था। इस बीच उन्होंने रेडिंग में 218 और डिफेंस में 3 पॉइंट्स स्कोर किए।

यू मुंबा के लिए अपने पहले सीजन में उन्होंने 12 सुपर 10 लगाए और 10 सुपर रेड भी की। वो उस सीजन में लीग के तीसरे सबसे सफल रेडर भी थे और अभी तक अपने करियर में 600 से ज्यादा पॉइंट्स स्कोर कर चुके हैं। Pro Kabaddi 2023 में वो हरियाणा स्टीलर्स के लिए खेलने वाले हैं।

#) Pro Kabaddi League के 9वें सीजन में नरेंदर कंडोला ने रचा था इतिहास

तमिल थलाइवाज ने Pro Kabaddi League के 9वें सीजन में पहली बार प्ले-ऑफ तक का सफर तय किया था और इसमें अहम योगदान युवा रेडर नरेंदर कंडोला था, जिन्होंने पहले ही सीजन में यादगार प्रदर्शन करके दिखाया। नरेंदर कंडोला ने 23 मैचों में 249 पॉइंट्स स्कोर किए और यह सभी पॉइंट्स उन्होंने रेडिंग करके ही हासिल किए।

नरेंदर कंडोला का प्रदर्शन इतना जबरदस्त था कि तमिल थलाइवाज को पवन कुमार सेहरावत की कमी बिल्कुल भी नहीं खली। उन्होंने अपने पहले सीजन में 15 सुपर 10 और 4 सुपर रेड भी की। इसी के साथ वो Pro Kabaddi League इतिहास में अपने पहले सीजन में सबसे ज्यादा पॉइंट्स स्कोर करने वाले खिलाड़ी बने। उन्हें न्यू यंग प्लेयर का अवॉर्ड भी मिला था। Pro Kabaddi 2023 में भी नरेंदर तमिल थलाइवाज के लिए खेलने वाले हैं।

Quick Links