गोल्ड कोस्ट, ऑस्ट्रेलिया में आज से
कॉमनवेल्थ गेम्स के इवेंट्स की शुरुआत हुई और पहले ही दिन मीराबाई चानू ने 48 kg वर्ग वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। मीराबाई चानू के अलावा वेटलिफ्टिंग में ही 56 kg वर्ग में भारत के पी गुरुराज ने रजत पदक पर कब्ज़ा किया। पहले दिन के बाद इंग्लैंड 6 स्वर्ण सहित 12 पदकों के साथ पदक तालिका में पहले स्थान पर है। मेजबान ऑस्ट्रेलिया 5 स्वर्ण सहित 15 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत फिलहाल दो पदकों के साथ पदक तालिका में सातवें स्थान पर है।
आइये नज़र डालते हैं भारत के पहले दिन के प्रदर्शन पर:
# वेटलिफ्टिंग:
भारत की मीराबाई चानू ने 48 kg वर्ग में नया गेम्स रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा किया। उन्होंने कुल मिलाकर 196 kg भार उठाया।
पी गुरुराज ने 56 kg वर्ग में 249 kg का भार उठाकर रजत पदक जीता।
मुथुपंडी राजा ने 62 kg वर्ग में 266 kg का भारत उठाकर छठे स्थान पर रहे और पदक जीतने से चूक गए।
# बैडमिंटन
मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया। भारतीय टीम ने एक भी गेम नहीं गंवाया और दोनों मैचों को 5-0 से अपने नाम किया।
# जिमनास्टिक्स (आर्टिस्टिक)
टीम इवेंट में भारत 174.3 अंक के साथ आखिरी (नौवें) स्थान पर रहा। आशीष कुमार, राकेश पात्रा और योगेश्वर सिंह भारत को पदक दिलाने में असफल रहे।
# बास्केटबॉल
पुरुषों में कैमरून ने भारत को 96-87 और महिलाओं में जमैका ने भारत को 66-57 से हराया।
# बॉक्सिंग
पुरुषों के 69 kg वर्ग में मनोज कुमार ने नाइजीरिया के ओसिता उमेह को 5-0 से हराकर राउंड ऑफ़ 32 के लिए क्वालीफाई किया।
# साइकिलिंग
पुरुष टीम स्प्रिंट में साहिल कुमार, सानुराज पॉल सानंदराज और रंजीत सिंह फाइनल्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए और सातवें स्थान पर रहे। महिला टीम स्प्रिंट में भी भारत की देबोराह हेरोल्ड और एलीना रेजी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई और छठे स्थान पर रही। महिला टीम परसूट में भी देबोराह हेरोल्ड, अमृता गीताकुमारी, एलीना रेजी, सोनाली मयंगलम्बम और मोनोरमा तोंगब्राम की टीम सातवें स्थान पर रही।
# हॉकी
भारतीय महिला टीम को वेल्स ने 3-2 से हराया।
# स्विमिंग
100 मी बैकस्ट्रोक में श्रीहरी नटराज 15वें स्थान पर रहे। 50 मी बटरफ्लाई में वीरधवल खरे 13वें स्थान पर रहे और साजन प्रकाश फाइनल्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।
# स्क्वाश
पुरुष सिंगल्स में हरिंदर पाल संधू ने केमन आइलैंड्स के कैमरन स्टैफोर्ड को 3-1 से, विक्रम मल्होत्रा ने ज़ाम्बिया के मांडा चिलाम्ब्वे को 3-0 से और जमैका के क्रिस बिनी ने सौरव घोषाल को 3-2 से हराया।
महिला सिंगल्स में जोशना चिनप्पा ने पापुआ न्यू गिनी की लिनेट वाई को 3-0 और दीपिका पल्लिकल ने त्रिनिदाद एंड टोबागो की शार्लेट नैग्स को 3-0 से हराया।
# टेबल टेनिस
भारतीय पुरुष टीम ने त्रिनिदाद एंड टोबागो और नॉर्दर्न आयरलैंड को 3-0 से हराया। महिलाओं ने श्रीलंका को 3-0 और वेल्स को 3-1 से हराया।
# लॉन बॉल्स
महिला सिंगल्स में भारत की पिंकी को न्यूजीलैंड की जो एडवर्ड्स ने 20-16 से, पुरुष ट्रिपल्स में वेल्स ने भारत को 23-9 से, भारत ने पापुआ न्यू गिनी को 16-11 से, पुरुष पेयर्स में मलेशिया ने भारत को 27-13 से और भारत ने निउए को 29-6 से, महिला फ़ोर्स में भारत ने नॉर्दर्न आयरलैंड को 18-10 से और माल्टा ने भारत को 20-15 से हराया।
Published 05 Apr 2018, 19:31 IST