CWG 2018: भारत के दसवें दिन के प्रदर्शन पर एक नज़र

गोल्ड कोस्ट, ऑस्ट्रेलिया में कॉमनवेल्थ गेम्स के दसवें दिन भारत ने सभी दिनों के मुकाबले सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक पर कब्ज़ा किया। भारत ने आज बॉक्सिंग में तीन, रेसलिंग में दो, शूटिंग में एक, टेबल टेनिस में एक और जैवलिन थ्रो में एक स्वर्ण पदक जीता। दसवें दिन के बाद ऑस्ट्रेलिया 72 स्वर्ण सहित 184 पदकों के साथ पहले स्थान पर है। इंग्लैंड 42 स्वर्ण सहित 121 पदकों के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है और भारत ने फिलहाल 25 स्वर्ण, 14 रजत और 18 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर कब्ज़ा बरकरार रखा है। आइये नज़र डालते हैं भारत के दसवें दिन के प्रदर्शन पर: # बॉक्सिंग महिला 48 kg वर्ग में एमसी मैरी कॉम ने स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा पुरुष 52kg वर्ग में गौरव सोलंकी और 75 kg वर्ग में विकास क्रिशन ने स्वर्ण पदक जीता। पुरुषों के 49kg वर्ग में अमित, 60kg वर्ग में मनीष कौशिक और 91kg+ वर्ग में सतीश को फाइनल में हार के कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा। # रेसलिंग महिला फ्रीस्टाइल 50 kg वर्ग में विनेश फोगाट ने स्वर्ण और 62kg वर्ग में साक्षी मालिक ने कांस्य पदक पर कब्ज़ा किया। पुरुष फ्रीस्टाइल 125kg वर्ग में सुमित ने स्वर्ण और 86kg वर्ग में कांस्य पदक जीता। # शूटिंग 50मी राइफल थ्री पोजीशन में संजीव राजपूत (454.5, गेम्स रिकॉर्ड) ने स्वर्ण पदक जीता और चैन सिंह पांचवें स्थान पर रहे। ट्रैप क्वालिफिकेशन में कायनन चेनाई छठे और मानवजीत सिंह संधू 21वें स्थान पर रहे। # टेबल टेनिस महिला सिंगल्स में मनिका बत्रा ने स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा किया। पुरुष डबल्स में अचंत शरत कमल और साथियान ज्ञानसेकरण को फाइनल में हार के कारण रजत से संतोष करना पड़ा। पुरुष सिंगल्स में शरत कमल सेमीफाइनल में हार गये। मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में अचंत शरत कमल/मौमा दास एवं मनिका बत्रा/साथियान ज्ञानसेकरण की जोड़ी को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा और कल दोनों जोड़ियों के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला होगा। # हॉकी कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में पुरुष हॉकी टीम को इंग्लैंड ने 2-1 से और महिला हॉकी टीम को इंग्लैंड ने ही 6-0 से हराया। # स्क्वाश महिला डबल्स सेमीफाइनल में जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लिकल ने जीत हासिल की और फाइनल में प्रवेश किया, वहीं मिक्स्ड डबल्स फाइनल में हार के कारण दीपिका पल्लिकल और सौरव घोषाल को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। # एथलेटिक्स जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा (86.47) ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं विकास कशाना पांचवें स्थान पर रहे। पुरुष 1500मी में जिन्सन जॉनसन पांचवें, ट्रिपल जंप में अरपिंदर सिंह चौथे स्थान पर रहे। पुरुष 4*400मी में भारतीय टीम क्वालीफाई नहीं कर सकी और महिला 4*400मी में भारतीय टीम सातवें स्थान पर रही। # बैडमिंटन पुरुष सिंगल्स में किदम्बी श्रीकांत फाइनल में पहुंच गए हैं, वहीं एचएस प्रनोय सेमीफाइनल के बाद कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में भी हार गए। महिला सिंगल्स में पीवी सिन्धु और साइना नेहवाल फाइनल में पहुंच गई है और भारत का स्वर्ण एवं रजत पदक तय है। पुरुष डबल्स में सात्विकसाईंराज और चिराग शेट्टी फाइनल में पहुंच गए हैं। मिक्स्ड डबल्स में अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसाईंराज को कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, वहीं महिला डबल्स में अश्विनी पोनप्पा और सिक्की रेड्डी ने कांस्य पदक पर कब्ज़ा किया।

Edited by Staff Editor