भारत ने Paris Olympics 2024 में रचा इतिहास, 1972 के बाद ओलंपिक में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराया

भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास (Photo Credit - @FIH_Hockey)
भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास (Photo Credit - @FIH_Hockey)

India Beats Australia After 1972 Olympics : भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में इतिहास रच दिया है। टीम ने पूल बी के अपने आखिरी लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हरा दिया। 1972 के म्यूनिख ओलंपिक खेलों के बाद यह पहला मौका है जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक में हराया है। क्वार्टरफाइनल मुकाबले से पहले भारत की यह जीत काफी बड़ी कही जा सकती है। टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार हार मिल रही थी लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया।

दोनों ही टीमों ने काफी तेज गति से शुरुआत की और काफी अटैकिंग खेल देखने को मिला। भारत ने पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अभिषेक ने भारत के लिए पहला गोल किया। ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कॉर्नर पर मौका मिला था लेकिन वो गोल नहीं कर पाए। इसके बाद अभिषेक ने गोल करके भारत को बढ़त दिला दी। ऑस्ट्रेलिया ने काफी कोशिश की लेकिन पीआर श्रीजेश का डिफेंस काफी शानदार रहा। दूसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके वापसी की। हालांकि इसके बाद भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को गोल का दूसरा मौका नहीं दिया और हाफ टाइम के समय टीम इंडिया 2-1 से आगे थी।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर किया बड़ा धमाका

दूसरे हाफ के शुरुआती मिनट में ही भारत को गोल करने का एक और सुनहरा मौका मिला। भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कोई गलती नहीं की और भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी। तीसरा क्वार्टर खत्म होने तक भारतीय टीम 3-1 से आगे थी। भारत ने काफी अटैक करके खेला और ऑस्ट्रेलिया का डिफेंस तितर-बितर नजर आया। आखिरी क्वार्टर में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। हालांकि थोड़ी ही देर बाद अभिषेक ने अपना दूसरा गोल कर दिया लेकिन अंपायर ने उसे अमान्य करार दे दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और उन्होंने गोल करके अंतर को कम कर दिया।

मैच में जब दो मिनट से भी कम का समय बचा तब ऑस्ट्रेलिया ने अपने गोलकीपर को बाहर करके एक एक्स्ट्रा खिलाड़ी ले लिया, ताकि उन्हें गोल करने का मौका मिल सके। हालांकि भारतीय डिफेंडर्स ने कोई मौका नहीं दिया और भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए और पीआर श्रीजेश ने कई जबरदस्त बचाव किए।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now