नीरज चोपड़ा समेत 4 ओलंपिक पदक विजेता खेल रत्न के लिए नामित, सुनील छेत्री का नाम भी शामिल

टोक्यो ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, सिल्वर मेडलिस्ट रवि दाहिया को खेल रत्न दिया जाएगा।
टोक्यो ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, सिल्वर मेडलिस्ट रवि दाहिया को खेल रत्न दिया जाएगा।

हफ्तों के इंतजार के बाद आखिरकार देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए नामित खिलाड़ियों के नामों की घोषणा हो ही गई। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा समेत कुल 11 खिलाड़ियों का नाम इस सूची में शामिल है। इनमें टोक्यो ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट पहलवान रवि दहिया, ब्रॉन्ज मेडलिस्ट लोवलिना बोर्गोहेन और कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम से स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश भी शामिल हैं। इनके अलावा पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले 5 ऐथलीट को भी इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। क्रिकेटर मिताली राज और पुरुष फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को सूची में शामिल हैं।

टोक्यो मेडलिस्ट लिस्ट में

लोवलिना बोर्गोहेन ओलंपिक में ब्रॉन्ज जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज हैं
लोवलिना बोर्गोहेन ओलंपिक में ब्रॉन्ज जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज हैं

टोक्यो में हुए ओलंपिक खेलों में भारतीय दल ने इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। भारत को ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में इतिहास का पहला गोल्ड दिलाने वाले गोल्डन ब्वॉय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को सूची में शामिल किया जाना स्वाभाविक ही था। नीरज ने ओलंपिक फाइनल में अपने पहले थ्रो से ही पदक पक्का कर लिया था। नीरज के अलावा कुश्ती में रवि दहिया ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वो सिल्वर मेडल लेने में कामयाब रहे, इसी कारण रवि को भी नामित किया गया है। असम की बेटी लवलीना बोर्गोहिन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली मेरीकॉम के बाद दूसरी महिला मुक्केबाज बनीं, और अपने प्रदर्शन के लिए उन्हें भी नामित किया गया है।

हॉकी टीम के गोलकीपर श्रीजेश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम की जीत में योगदान किया
हॉकी टीम के गोलकीपर श्रीजेश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम की जीत में योगदान किया

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए 41 साल के अंतराल के बाद ओलंपिक मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की और टीम को ये कांस्य पदक दिलाने में गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने बेहतरीन भूमिका निभाई जिस कारण उन्हें भी सूची में शामिल किया गया है।

पैरा एथलीटों के योगदान को पहचान

टोक्यो ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भारत ने पैरालंपिक खेलों में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल्ड, 8 सिल्वर , 6 ब्रॉन्ज समेत कुल रिकॉर्ड 19 पदक अपने नाम किए। सोशल मीडिया के इस दौर में खेल प्रेमियों ने भी पैरा एथलीटों के इस प्रदर्शन को खासा सराहा। कुल 5 पैरा एथलीट को खेल रत्न हेतु नामित किया गया है। शूटिंग में 1 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली अवनि लेखड़ा, बैडमिंटन गोल्ड मेडलिस्ट प्रमोद भगत और कृष्णा नागर, जैवलिन थ्रो में गोल्ड जीतने वाले सुमित अंतिल, शूटिंग में ही गोल्ड जीतने वाले एम नरवाल को नामित किया गया है। 1991 में शुरु हुए इन पुरस्कारों के इतिहास में पहली बार साल 2017 में पैरा जैवलिन थ्रो खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया के रूप में पहली बार किसी पैरा एथलीट को इस पुरस्कार से नवाजा गया था। इसके बाद साल 2019 में शॉट पुट पैरा खिलाड़ी दीपा मलिक और 2020 में पैरा हाई जम्प खिलाड़ी मरियप्पन थंगलवेलु को ये पुरस्कार दिया गया था।

पहली बार फुटबॉल में मिलेगा पुरस्कार

सुनील छेत्री से पहले किसी भी फुटबॉल खिलाड़ी को खेल रत्न नहीं दिया गया है।
सुनील छेत्री से पहले किसी भी फुटबॉल खिलाड़ी को खेल रत्न नहीं दिया गया है।

2021 की सूची में पुरुष फुटबॉल टीम के कप्तान और स्टार फॉरवर्ड सुनील छेत्री का नाम शामिल है। सुनील छेत्री वर्तमान में भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी हैं, और हाल ही में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय गोल के मामले में ब्राजील के लेजेंड खिलाड़ी पेले को पछाड़ा है। सैफ कप 2021 में भारत की जीत के मुख्य हीरो भी सुनील छेत्री भी रहे। खेल रत्न इतिहास में किसी भी फुटबॉल खिलाड़ी को ये पुरस्कार नहीं दिया गया है।

35 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड

खेल रत्न के अलावा अर्जुन अवॉर्ड के लिए भी 35 खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की गई है और पहली बार इतनी संख्या में खिलाड़ियों को नामित किया गया है।

श्रीजेश, मनप्रीत के अलावा पुरुष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को नामित किया गया है।
श्रीजेश, मनप्रीत के अलावा पुरुष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को नामित किया गया है।

पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और पीआर श्रीजेश के अलावा सभी खिलाड़ियों को नामित किया गया है, जिनमें हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांता शर्मा, सुमित, शमशेर सिंह, ललित उपाध्याय, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह को नामित किया गया है। इस सूची में पैरालंपिक मेडलिस्ट योगेश कथुनिया (सिल्वर मेडल - डिस्कस थ्रो), निशाद कुमार ( सिल्वर- हाई जम्प), प्रवीण कुमार (सिल्वर-हाई जम्प), सिंहराज अधाना (शूटिंग-ब्रॉन्ज), भविना पटेल (टेबल टेनिस - सिल्वर), हरविंदर सिंह ( तीरंदाजी - ब्रॉन्ज), शरद कुमार (हाई जम्प-ब्रॉन्ज) शामिल हैं। इनके अलावा पैराबैडमिंटन स्पर्धा में सिल्वर जीतने वाले IAS अधिकारी यतिराज सुहास को भी अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है।

Quick Links