Paris Paralympics में भारत ने किया अब तक का बेस्ट प्रदर्शन, 29 पदकों के साथ समाप्त हुआ सफर

पेरिस पैरालंपिक में भारत ने जीते कुल 29 मेडल (Photo Credit - @OlympicKhel)
पेरिस पैरालंपिक में भारत ने जीते कुल 29 मेडल (Photo Credit - @OlympicKhel)

India Best Performance Paris Paralympics 2024 : पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत का सफर समाप्त हो चुका है। इस बार भारत ने काफी ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इससे पहले भारत ने इतने ज्यादा मेडल नहीं जीते थे, जितना पेरिस में जीता। भारत ने कुल मिलाकर 29 मेडल अपने नाम किए और पैरालंपिक के इतिहास में पहली बार भारत ने इतने ज्यादा मेडल जीते हैं। टोक्यो पैरालंपिक के दौरान भारत ने जितने पदक जीते थे, उसे काफी पीछे छोड़ दिया।

भारत ने गोल्ड मेडल से किया अभियान का समापन

पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत की शुरुआत गोल्ड मेडल के साथ हुई थी और समापन भी गोल्ड मेडल के साथ ही हुआ। अवनि लेखरा ने पैरा शूटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का खाता खोला था। वहीं नवदीप सिंह ने मेंस जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल के साथ ही भारत के अभियान का समापन किया। हालांकि वह दूसरे नंबर पर रहे थे और पहले उनको सिल्वर मिला था। लेकिन इसके बाद ईरान के खिलाड़ी ने जो गोल्ड मेडल जीता था, उसे अयोग्य घोषित कर दिया गया और इसी वजह से नवदीप के सिल्वर को गोल्ड में तब्दील कर दिया गया। इसी दिन सिमरन ने वुमेंस 200 मीटर T12 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।

पैरा एथलेटिक्स में भारत ने जीते सबसे ज्यादा मेडल

भारत ने इस बार पेरिस पैरालंपिक में 7 गोल्ड मेडल, 9 सिल्वर और 13 कांस्य पदक जीते। भारत को सबसे ज्यादा मेडल इस बार पैरा एथलेटिक्स में मिले। भारत ने एथलेटिक्स में कुल मिलाकर 17 मेडल अपने नाम किए। इसके बाद बैडमिंटन में 5 और शूटिंग पैरा स्पोर्ट में चार मेडल मिले। पैरा आर्चरी में 2 और पैरा जूडो में एक पदक भारत ने हासिल किया। आखिरी दिन पूजा ओझा से एक और मेडल की उम्मीद थी लेकिन वो नहीं जीत पाईं। इस तरह भारत का सफर 29 पदकों पर ही समाप्त हो गया।

अगर मेडल टैली की बात करें तो चीन सबसे पहले पायदान पर रहा। चीन ने 200 से ज्यादा पदक अपने नाम किए, जिसमें 94 गोल्ड मेडल थे। वहीं ग्रेट ब्रिटेन 122 पदकों के साथ दूसरे और यूएसए 103 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि अभी भी इसमें थोड़ा बहुत बदलाव हो सकता है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now