दिल्ली में चल रहे शूटिंग वर्ल्ड कप के दूसरे दिन भी भारत को एक स्वर्ण पदक मिला। पुरुष वर्ग के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सौरभ चौधरी ने रिकॉर्ड गोल्ड जीता। उन्होंने 245 अंकों से सबसे टॉप स्कोर करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर भारत को सोना दिलाया। इससे पहले वे यूथ ओलम्पिक्स में भी गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा चुके हैं।
भारतीय शूटर के सामने सर्बिया के डैमिर माइक की चुनौती थी लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय खिलाड़ी ने कोई गलती नहीं की और टॉप रैंक हासिल कर पदक अपने नाम कर लिया। इस इवेंट में ओलम्पिक कोटा था जिसे सौरभ ने हासिल कर लिया। अगले साल जापान के टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक के लिए स्थान पक्का कर लिया है।
पहले दिन भी भारत को 10 मीटर एयर पिस्टल के महिला इवेंट में स्वर्ण पदक मिला था। इसे अपूर्वी चंदेला ने रिकॉर्ड के साथ जीता था। इस विश्वकप में कुल 60 देशों के 500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भारत से भी 23 खिलाड़ी खेल रहे हैं। आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने वाले पाकिस्तान के दो शूटरों को इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए वीजा नहीं मिला था। इसके बाद ओलम्पिक समिति ने 2 कोटा निरस्त कर दिए थे। भारतीय खिलाड़ी अपना श्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं।
Hindi Cricket News सभी खेलों की न्यूज़ स्पोर्ट्सकीड़ा पर पाएं
Published 24 Feb 2019, 16:15 IST