राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार के लिए विनेश फोगाट सहित 4 लोगों के नाम की सिफारिश

विनेश फोगाट
विनेश फोगाट

भारतीय क्रिकेट टीम के स्‍टार ओपनर रोहित शर्मा और महिला पहलवान विनेश फोगाट के नाम उन चार एथलीटों में शामिल हैं, जिनकी सिफारिश मंगलवार को इस साल देश के सर्वोच्‍च खेल सम्‍मान राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार के लिए की गई है। महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और रियो पैरालंपिक में हाई जंप में गोल्‍ड मेडल जीतने वाले मरियप्‍पन थंगावेलू अन्‍य दो खिलाड़ी हैं, जिनके नाम की सिफारिश खेल मंत्रालय की 12 सदस्‍यीय चयन समिति ने प्रतिष्ठित पुरस्‍कार के लिए की है। इन चारों खिलाड़‍ियों को 29 अगस्‍त को राष्‍ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सम्‍मानित किया जाएगा।

यह दूसरा मौका है जब चार एथलीटों के नाम की सिफारिश देश के सर्वोच्‍च खेल पुरस्‍कार के लिए की गई है। इससे पहले 2016 में स्‍टार शटलर पीवी सिंधू, जिम्‍नास्‍ट दीपा कर्माकर, निशानेबाज जीतू राय और महिला पहलवान साक्षी मलिक को राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया था।

रोहित शर्मा चौथे क्रिकेटर

बता दें कि 33 साल के रोहित शर्मा राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित होने वाले चौथे भारतीय क्रिकेटर बनेंगे। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जा चुका है। सबसे पहले सचिन तेंदुलकर को राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया था। उन्‍हें 1998 में इस अवॉर्ड से सम्‍मानित किया गया था। इसके बाद 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और फिर 2018 में विराट कोहली को राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया था। विराट कोहली के साथ भारोत्‍तोलक मीराबाई चानू को भी राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया था।

राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार समिति में टीम इंडिया के पूर्व विस्‍फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान सरदार सिंह भी शामिल हैं। इन लोगों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के हेडक्‍वार्टर में मिलने के बाद नामों पर मुहर लगाई।

राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार इन्‍हें किस बिनाह पर मिला

रोहित शर्मा ने पिछले कुछ सालों में बल्‍ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा ने 2019 विश्‍व कप में रिकॉर्ड 5 शतक जड़े। इसके अलावा टेस्‍ट क्रिकेट व टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा। इसे देखते हुए रोहित शर्मा को राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित करने का फैसला लिया गया। वहीं विनेश फोगाट ने 2018 कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स और एशियाई गेम्‍स में गोल्‍ड जबकि 2019 एशियाई रेसलिंग चैंपियनशिप्‍स में ब्रॉन्‍ज मेडल जीता था। इसलिए उन्‍हें राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जाएगा।

थंगावेलू ने 2016 रियो पैरालंपिक्‍स में गोल्‍ड मेडल जीता था। इसके अलावा मनिका बत्रा ने 2018 कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में गोल्‍ड जबकि एशियाई गेम्‍स में ब्रॉन्‍ज मेडल जीता था। इसलिए थंगावेलू और बत्रा को राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्‍कार से सम्‍मानित करने का फैसला लिया गया।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़