3 खिलाड़ी जिन्होंने IPL में कप्तानी डेब्यू पर सर्वाधिक स्कोर बनाया 

कप्तान फाफ डू प्लेसी ने एक तूफानी पारी खेली
कप्तान फाफ डू प्लेसी ने एक तूफानी पारी खेली

किसी भी खेल में टीम की कप्तानी करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं होगा है। खेल के मैदान में एक कप्तान पर जिम्मेदारियों का जबरदस्त दबाव होता है। अपनी टीम के लिए कप्तान के रूप में खुद आगे से लीड करना होता है। इसी तरह से बात जब दुनिया की सबसे मुश्किल टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल (IPL) में कप्तानी की हो, तो यहां तो ये काम बहुत ही ज्यादा मुश्किल हो जाता है। आईपीएल में अब तक कप्तानी के सफर में कई खिलाड़ियों ने राह बनाने की कोशिश की, जिसमें कुछ तो निखर गए तो कुछ बिखर गए।

हालाँकि कुछ खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने अपने पहले ही मैच में कप्तानी करते हुए आईपीएल में अपने बल्ले का दमखम दिखाया और इस क्रम में पहली बार कप्तानी कर रहे फाफ डू प्लेसी का नाम शामिल हो गया है। आईपीएल में कई सालों से खेल रहे फाफ डू प्लेसी ने 27 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए कप्तानी की और यह उनका इस लीग में कप्तान के तौर पर पहला मैच था। हालाँकि उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए 57 गेंदों में 88 रन बनाए। उनकी टीम को जीत नहीं मिली लेकिन वह आईपीएल में बतौर कप्तान अपने पहले ही मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए। इस आर्टिकल हम ऐसा ही कारनामा करने वाले टॉप 3 कप्तानों पर नजर डालने जा रहे हैं।

3 खिलाड़ी जिन्होंने IPL में कप्तानी डेब्यू पर सर्वाधिक स्कोर बनाया

#3 श्रेयस अय्यर (93*) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 2018

श्रेयस ने कप्तानी का आगाज धमाकेदार अंदाज से किया था
श्रेयस ने कप्तानी का आगाज धमाकेदार अंदाज से किया था

आईपीएल के 2018 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए गौतम गंभीर कप्तानी कर रहे थे। गौतम गंभीर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स का शुरुआत में कुछ खास प्रदर्शन नहीं था, ऐसे में उन्होंने बीच सीजन में कप्तानी छोड़ दी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी। उन्हें कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम के खिलाफ आईपीएल में कप्तानी डेब्यू करने का मौका मिला, जहां श्रेयस अय्यर ने जोरदार पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने इस मैच में केवल 40 गेंद में नाबाद 93 रन की पारी खेल डाली, जिसमें उन्होंने 10 छक्के और 3 चौके जड़े। ये आईपीएल इतिहास में कप्तानी डेब्यू की तीसरी सबसे बड़ी पारी है।

#2 मयंक अग्रवाल (99*) बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2021

मयंक अग्रवाल
मयंक अग्रवाल

आईपीएल के मौजूदा सीजन में मयंक अग्रवाल को पंजाब किंग्स की फुल टाइम कप्तानी मिल गई है। मयंक अग्रवाल पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी से मौजूदा सीजन को मिलकर कुल 5 सीजन से जुड़े हैं। पंजाब किंग्स के लिए उन्हें पिछले सीजन में कप्तानी करने का मौका मिला। केएल राहुल की अनुपस्थिति में मयंक ने कप्तानी का डेब्यू किया। आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में मयंक अग्रवाल ने जोरदार बल्लेबाजी की। आईपीएल में कप्तान के तौर पर खेल रहे पहले ही मैच में मयंक अग्रवाल भले ही शतक नहीं बना सके, लेकिन उन्होंने अंत तक नाबाद रहते हुए 58 गेंदों पर 99 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े। हालाँकि उनकी टीम यह मैच हार गयी थी।

#1 संजू सैमसन (119) बनाम पंजाब किंग्स, 2021

संजू सैमसन
संजू सैमसन

आईपीएल के इतिहास में कप्तानी डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड युवा विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के नाम है। संजू सैमसन को आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स ने 2021 में टीम की कमान सौंपी। स्टीव स्मिथ के बाद संजू सैमसन को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई। कप्तानी डेब्यू पर ही सैमसन ने कमाल कर दिया। कप्तान के तौर पर अपने पहले ही मैच में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने हुए सैमसन ने शतक जड़ डाला। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मैच में 12 चौके और 7 छक्कों की मदद से केवल 63 गेंद का सामना करते हुए 119 रन की पारी खेली थी। हालांकि उनकी टीम को भी मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा था।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar