3 बड़े कारण क्यों मुंबई इंडियंस IPL 2025 मेगा ऑक्शन से पहले रोहित शर्मा को कर सकती है रिटेन

Neeraj
Mumbai Indians Press Conference Ahead of IPL 2023 - Source: Getty
रोहित शर्मा और मार्क बाउचर

Mumbai Indians Retained players: पांच बार आईपीएल (IPL) की ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम के लिए यह तय करना मुश्किल काम है कि IPL 2025 मेगा ऑक्शन से पहले किन खिलाड़ियों को रिटेन किया जाए। आईपीएल के पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस के कैंप में थोड़ा बदलाव देखने को मिला था। उनके फैंस भी हार्दिक पांड्या की कप्तानी से नाखुश नजर आए थे।

वहीं कई मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया है कि आईपीएल के आगामी सीजन से पहले रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ देंगे। हालांकि, अभी तक हिटमैन और फ्रेंचाइजी की तरफ से इन खबरों पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। रोहित फ्रेंचाइजी के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। फ्रेंचाइजी इतनी आसानी से उन्हें नहीं जाने देगी। इस आर्टिकल में हम उन 3 कारणों का जिक्र करेंगे कि क्यों मुंबई इंडियंस मेगा ऑक्शन से पहले रोहित शर्मा को रिटेन कर सकती है।

इन कारणों के चलते मुंबई इंडियंस मेगा ऑक्शन से पहले रोहित शर्मा को रिटेन कर सकती

1. आईपीएल रिटेंशन नियम

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजी को अधिकतम 6 खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दे सकता है। ऐसे में फ्रेंचाइजी के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा जैसे प्रमुख खिलाड़ियों प्राथमिकता होंगे। भले ही रोहित को अपने साथ बनाए रखने के लिए फ्रेंचाइजी को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे।

2. अनुभव

भले ही रोहित शर्मा पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस के कप्तान नहीं थे, लेकिन उन्होंने हार्दिक पांड्या को गाइड करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। रोहित ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मुंबई इंडियंस को कई मुश्किल मैचों में जीत का स्वाद चखाया है। मुंबई अपने अनुभवी और मैच विनर खिलाड़ी को खोना नहीं चाहेगी।

3. रोहित शर्मा का मौजूदा फॉर्म

आईपीएल 2024 में रोहित शर्मा अपनी खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आये थे, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उनका बल्ला खूब गरजा था। टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बावजूद रोहित ने अपनी बल्लेबाजी का तरीका नहीं बदला है और अपनी पारी के दौरान आक्रामक बने हुए हैं। एमआई फ्रेंचाइजी के साथ-साथ उनके फैंस भी जानते हैं कि रोहित जब फॉर्म में होते हैं, तो किसी भी गेंदबाज का उनके सामने टिक पाना नामुमकिन होता है।

Quick Links

Edited by Neeraj
App download animated image Get the free App now