रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने को लेकर आई बड़ी प्रतिक्रिया

रोहित शर्मा अब मुंबई इंडियंस के कप्तान नहीं हैं
रोहित शर्मा अब मुंबई इंडियंस के कप्तान नहीं हैं

आईपीएल 2024 से पहले दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की कप्तानी से हटा दिया गया है। उनकी जगह पर हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जिन्होंने इस सीजन से मुंबई की टीम में दोबारा वापसी की है। वहीं रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने के बाद पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा ने पिछले 10 सालों के दौरान काफी बेहतरीन तरीके से मुंबई इंडियंस की टीम को लीड किया और वो सबकुछ किया जिसकी मुंबई को जरूरत थी।

रोहित शर्मा ने 11 सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी की और 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। उन्हें 2013 में मिड-सीजन के दौरान टीम का कप्तान बनाया गया था और इसके बाद से रोहित शर्मा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पिछले 11 सीजन के दौरान मुंबई इंडियंस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यही वजह है कि सीएसके के साथ मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम है।

रोहित शर्मा ने हमेशा खुद से पहले टीम को आगे रखा - आकाश चोपड़ा

अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा के कप्तानी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,

रोहित शर्मा बेहतरीन कप्तानों में से एक थे। 10 साल में उन्होंने पांच ट्रॉफी अपने नाम की और काफी सफल कप्तान वो रहे। उन्हें गेम की समझ काफी अच्छी तरह से है और शानदार तरीके से टीम को लीड किया। उन्होंने हमेशा खुद से पहले टीम को आगे रखा। चाहे टीम के लिए ओपन करना हो या फिर निचले क्रम में खेलना हो, रोहित ने वो सबकुछ किया, जो उनसे कहा गया। जिसने भी रोहित शर्मा की कप्तानी में खेला, सबने उनकी तारीफ ही की। इससे पता चलता है कि एक कप्तान और प्लेयर के तौर पर आपकी क्या काबिलियत थी।

Quick Links

App download animated image Get the free App now