"अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस के आखिरी मैच में जरूर खेलना चाहिए" - पूर्व भारतीय ओपनर ने दी प्रतिक्रिया

अर्जुन तेंदुलकर को अभी तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है
अर्जुन तेंदुलकर को अभी तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है

आईपीएल 2022 (IPL 2022) में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें अभी तक अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए एक भी मैच खेलना का मौका नहीं मिला है। इन्हीं खिलाड़ियों में एक नाम मुंबई के युवा ऑलराउंडर और महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) का है। अर्जुन को अभी तक मुंबई इंडियंस (MI) ने एक भी मैच में मौका नहीं दिया है और इसी वजह से पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने फ्रेंचाइजी से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी लीग में मौका देने का आग्रह किया है।

अर्जुन के डेब्यू की उम्मीद काफी समय से की जा रही है लेकिन अभी तक उन्हें मौका नहीं मिला है। इस सीजन खराब प्रदर्शन करने वाली मुंबई इंडियंस ने काफी सारे बदलाव करते हुए कई युवाओं को मौका दिया है लेकिन जूनियर तेंदुलकर अभी भी मौके की तलाश में हैं।

पांच बार की विजेता टीम का अब एक ही लीग मैच बचा है और आकाश चोपड़ा को लगता है कि यह युवा ऑलराउंडर मौका पाने का हक़दार है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा,

अर्जुन को सीज़न का आखिरी गेम खेलना चाहिए। मुंबई ने टीम में लगभग सभी को अवसर दिए हैं...समय के साथ आप उसे भी आजमाएं।

अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस के साथ पिछले दो सीजन से हैं। आईपीएल 2021 से पहले हुए ऑक्शन में उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा गया था। वहीँ इस साल हुए मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये में उन्हें अपने साथ शामिल किया।

अर्जुन अपनी घरेलू टीम मुंबई के लिए टी20 डेब्यू कर चुके हैं और दो मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने तीन विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा उन्हें रणजी ट्रॉफी के स्क्वाड में भी चुना गया था। देखना होगा कि क्या कप्तान रोहित शर्मा इस युवा खिलाड़ी पर भरोसा दिखाएंगे या नहीं।

Quick Links