Abhishek Sharma Record: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड को पांचवें टी20 में चुनौती देने उतरी है। मैच की शुरुआत में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर टॉस जीतने में सफल रहे और उन्होंने गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले खेलते हुए टीम इंडिया की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही, क्योंकि मेजबानों को पहला झटका 21 के स्कोर पर लग गया था। सैमसन एक बार फिर से रन बनाने में विफल रहे और सिर्फ 16 रन बनाकर चलते बने। लेकिन इसके बाद, अभिषेक शर्मा का तूफान देखने को मिला। उन्होंने खतरनाक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
अभिषेक शर्मा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। पहले नंबर पर युवराज सिंह काबिज हैं, जिन्होंने 12 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी। ये कारनामा उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। वहीं, अभिषेक ने अपनी खतरनाक पारी जारी रखते हुए शतक भी ठोका। अपना शतक पूरा करने के लिए अभिषेक ने 37 गेंदों का सामना किया।
टीम इंडिया ने पावरप्ले में अपना सबसे बड़ा स्कोर
इस मैच में टीम इंडिया ने पावरप्ले में बड़ा धमाका किया। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले 6 ओवरों में 1 विकेट खोकर 95 रन बनाए। T20I में पावरप्ले में टीम इंडिया द्वारा बनाया ये अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम इंडिया का पिछला रिकॉर्ड 82/2 था, जो उसने 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ दुबई में बनाया था।
अभिषेक शर्मा की पारी के दौरान तिलक वर्मा (24) और शिवम दुबे (30) ने भी बखूबी उनका साथ निभाया था। सूर्यकुमार यादव एक बार फिर से फ्लॉप साबित हुए और सिर्फ 2 रन बनाकर चलते बने। उन्होंने एक बार फिर से फैंस को निराश किया। वहीं, हार्दिक पांड्या का बल्ला भी शांत रहा। उन्होंने 9 रन बनाए। मार्क वुड ने उनको अपना शिकार बनाया। इंग्लैंड के बल्लेबाजों को इस मैच को जीतने के जोरदार प्रदर्शन करना होगा।