उनको देखकर मुझे किरोन पोलार्ड की याद आ गई...अंबाती रायडू ने दिग्गज बल्लेबाज की धुआंधार पारी के बाद दिया बयान

रोमारियो शेफर्ड बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - BCCI)
रोमारियो शेफर्ड बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - BCCI)

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के प्रमुख बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड (Romario Shepherd) की विस्फोटक पारी को लेकर टीम के पूर्व खिलाड़ी अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड की तुलना किरोन पोलार्ड से की है। शेफर्ड ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ मैच में जिस तरह की धुआंधार पारी खेली, उसके बाद अंबाती रायडू ने उनकी काफी तारीफ की है।

रोमारियो शेफर्ड की अगर बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में उन्होंने काफी धुआंधार बल्लेबाजी की। शेफर्ड ने सिर्फ 10 गेंद पर नाबाद 39 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। उन्होंने एनरिक नॉर्ट्जे के आखिरी ओवर में चौके-छक्कों की बरसात करते हुए कुल मिलाकर 32 रन बटोरे। शेफर्ड ने नॉर्ट्जे के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 4 छक्के और 2 चौके लगाए।

किरोन पोलार्ड की कमी को पूरा कर रहे हैं रोमारियो शेफर्ड - अंबाती रायडू

रोमारियो शेफर्ड की इस तरह की बल्लेबाजी को देखकर अंबाती रायडू को किरोन पोलार्ड की याद आ गई। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान कहा,

मुंबई इंडियंस को किरोन पोलार्ड की कमी काफी खल रही थी। मुझे लगता है कि रोमारियो शेफर्ड उनकी कमी पूरी कर रहे हैं। जिस तरह की उन्होंने हिटिंग की, उसे देखकर मुझे कई साल पहले के किरोन पोलार्ड की याद आ गई। वो निचले क्रम में आकर मुंबई इंडियंस को मैच जिताते थे और रोमारियो भी वही काम कर रहे हैं।

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक हाई स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 234 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 विकेट खोकर 205 रन ही बना पाई। इस तरह मुंबई ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की।

Quick Links