इंजरी के बावजूद खेल रहे हैं एम एस धोनी...CSK के कोच ने किया चौंकाने वाला खुलासा

एम एस धोनी बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - BCCI)
एम एस धोनी बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - BCCI)

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एम एस धोनी (MS Dhoni) को लेकर टीम के गेंदबाजी सलाहकार एरिक सिमंस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि धोनी इंजरी का शिकार हैं लेकिन इसके बावजूद वो मुकाबला खेल रहे हैं। सिमंस के मुताबिक एम एस धोनी को दिक्कत है लेकिन उनके पास इतनी क्षमता है कि वो उसको नजरंदाज करके लगातार खेल रहे हैं। एरिक सिमंस ने ये भी कहा कि धोनी से ज्यादा उनके फैंस को इस बात की चिंता रहती है कि कहीं वो चोटिल ना हो जाएं।

एम एस धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में एक बार फिर धुआंधार पारी खेली। वो आखिरी ओवर में बैटिंग के लिए आए और 4 गेंद पर 20 रन जड़ दिया। धोनी ने हार्दिक पांड्या के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़े।

फैंस को एम एस धोनी की काफी फिक्र रहती है - एरिक सिमंस

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एरिक सिमंस ने एम एस धोनी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,

एम एस धोनी से ज्यादा दूसरे लोगों को उनकी इंजरी के बारे में जानने की उत्सुकता रहती है। उनके जैसा हार्ड इंसान मैंने आज तक नहीं देखा। हम लोगों को नहीं पता है कि उनको कितना दर्द है या नहीं है। वो बस अपना काम करते रहते हैं। मुझे पूरा यकीन है कि उन्हें निगल है। लेकिन उनके पास वो क्षमता है कि वो उस चीज को नजरंदाज करके अपना काम करते रहते हैं। हमें उनकी इंजरी के बारे में ज्यादा फिक्र है। जब यहां पर मैं हम शब्द कहता हूं तो इसका मतलब ये कि लोगों को धोनी से ज्यादा उनकी चिंता है।

आपको बता दें कि आईपीएल 2024 का 29वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। आईपीएल इतिहास की दो सबसे सफल टीमें आमने-सामने थीं और इसी वजह से मुकाबला भी काफी जबरदस्त हुआ। आखिरी ओवर तक चले इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को उनके ही होम ग्राउंड में 20 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम रोहित शर्मा के शानदार शतक के बावजूद 186 रन ही बना पाई।

Quick Links