Stephen Fleming Reacts on MS Dhoni Retirement Rumours : आईपीएल 2025 में एम एस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं। शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से था। इस मैच को देखने के लिए एम एस धोनी के माता-पिता भी स्टेडियम में मौजूद थे। एम एस धोनी के पैरेंट्स पहली बार मैच देखने स्टेडियम आए थे और इसी वजह से इस बात के कयास लगाए जाने लगे कि शायद यह एम एस धोनी का आखिरी मैच हो। मैच से पहले धोनी की पत्नी साक्षी ने भी खास इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की थी और इसी वजह से अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था।
हालांकि मैच खत्म होने के बाद इस तरह का ऐलान नहीं हुआ। एम एस धोनी के संन्यास की कोई खबर नहीं आई। ना ही टीम की तरफ से और ना ही धोनी की तरफ से संन्यास को लेकर कोई बयान आया। फैंस काफी कंफ्यूज हो गए कि एम एस धोनी संन्यास लेंगे या नहीं। वहीं मैच के बाद सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग से इस बारे में सवाल किया गया।
MS Dhoni को लेकर स्टीफन फ्लेमिंग ने दिया बड़ा अपडेट
क्रिकबज्ज की रिपोर्ट के मुताबिक स्टीफन फ्लेमिंग से सवाल किया गया कि क्या एम एस धोनी संन्यास लेने वाले हैं। इस पर उन्होंने कहा,
मुझे कोई आइडिया नहीं है। मुझे अभी भी उनके साथ काम करने में काफी मजा आ रहा है। वो अभी भी मजबूती के साथ डटे हुए हैं। मैं उनसे इस बारे में इन दिनों बात भी नहीं करता।
एम एस धोनी आईपीएल 2025 में लगातार फ्लॉप हो रहे हैं। उनके बल्ले से उस तरह की पारी नहीं आ रही है जिसके लिए वो जाने जाते थे। एम एस धोनी तेजी से खेलना तो शुरु करते हैं लेकिन तब तक मैच हाथ से निकल जाता है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भी उन्होंने 26 गेंद पर 1 चौका और 1 छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। ऐसे में एम एस धोनी को रिटायरमेंट की सलाह दी जा रही है। उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है।