ऋषभ पंत की तुलना एम एस धोनी से मत कीजिए, सौरव गांगुली का बयान

एम एस धोनी और ऋषभ पंत (Photo Credit - IPLT20)
एम एस धोनी और ऋषभ पंत (Photo Credit - IPLT20)

भारतीय टीम (Indian Cricket Team) के पूर्व दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने ऋषभ पंत (Rishabh Pant) और एम एस धोनी (MS Dhoni) के बीच तुलना को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि ऋषभ पंत की तुलना एम एस धोनी से मत कीजिए क्योंकि धोनी के पास काफी एक्सपीरियंस है और पंत अभी काफी युवा हैं।

सौरव गांगुली के मुताबिक पंत और धोनी के बीच तुलना करना सही नहीं है। इसकी वजह ये है कि धोनी ने अपने करियर में काफी कप्तानी की है, जबकि पंत ने अभी शुरूआत ही की है। पत्रकारों से बातचीत में सौरव गांगुली ने कहा,

पंत की तुलना एम एस धोनी से मत कीजिए। धोनी के पास काफी अनुभव है। वो आईपीएल, टेस्ट और वनडे को मिलाकर 500 से ज्यादा मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। इसलिए उनके साथ पंत की तुलना करना सही नहीं है।

दिल्ली कैपिटल्स के आखिरी लीग मैच में हुई पंत के कप्तानी की आलोचना

आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी लीग मैच में ऋषभ पंत के कप्तानी की काफी आलोचना हुई थी। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज टिम डेविड के खिलाफ रिव्यू ना लेने के लिए पंत के ऊपर निशाना साधा गया। दरअसल दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला हर-हाल में जीतना जरूरी था। हालांकि उन्हें 5 विकेटों से हार का सामना करना पड़ा और टीम आईपीएल 2022 से बाहर हो गई। ऋषभ पंत ने अहम मौके पर टिम डेविड के खिलाफ एक रिव्यू नहीं लिया। बाद में रीप्ले में दिखा अगर पंत ये रिव्यू ले लेते तो टिम डेविड आउट हो जाते और तब दिल्ली कैपिटल्स के जीतने की संभावना बढ़ जाती।

हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग ने पंत को पूरी तरह से सपोर्ट किया था। उन्होंने मैच के बाद कहा था,

मेरे दिमाग में कोई शक नहीं है कि ऋषभ पंत कप्तानी के लिए बेहतर विकल्प थे। श्रेयस अय्यर की इंजरी के बाद जब उन्हें कप्तान बनाया गया था तो उन्होंने काफी बेहतरीन काम किया था। वो अभी युवा खिलाड़ी हैं और कप्तानी सीख रहे हैं। टी20 टीम का कप्तान होना और वो भी इतने बड़े हाई प्रेशर वाले टूर्नामेंट में आसान काम नहीं है। यहां पर आपकी हर एक छोटी - छोटी चीज का आंकलन किया जाता है। उन्हें निश्चित तौर पर मेरा पूरा सपोर्ट है।"

Quick Links