विराट कोहली के साथ सेल्फी लेने मैदान में पहुंचे प्रशंसक

<p>

पिछले दिनों से प्रशंसकों का सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में अपने चहेते क्रिकेटर के पास पहुंच कर मिलने का चलन काफी बढ़ गया है। फैंस अपने चहेते क्रिकेटर से मिलने के लिए सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर दर्शक दीर्घा की सीमा लांघकर पिच पर जा धमकते हैं। गुरुवार को कुछ ऐसा ही नजारा राजकोट के मैदान में नजर आया, जहां भारत और वेस्ट इंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है।

दरअसल, हुआ ये कि कप्तान विराट कोहली के साथ सेल्फी लेने के लिए बीच मैदान में दो फैंस घुस गये। सुरक्षा घेरा तोड़ कर मैदान में घुसे दोनों क्रिकेट फैंस विराट कोहली के साथ सेल्फी लेने लगे जिससे कोहली थोड़ा असहज हो गये। उन्होंने दोनों फैंस को काफी समझाने की कोशिश की। उन्होंने दोनों फैंस से इशारों में मैदान से बाहर जाने को कहा। कोहली के बार-बार समझाने पर दोनों प्रशंसक सेल्फी लिए बिना नहीं रह सके। विराट कोहली ने फैंस को निराश नहीं किया और उनके साथ सेल्फी खिंचवा ही ली। दोनों ने कोहली के साथ सेल्फी ली और जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने फैंस को मैदान के बाहर कर दिया।

इससे पहले ये घटना आईपीएल में विराट कोहली के साथ साथ अजिंक्य रहाणे , महेंद्र सिंह धोनी के साथ भी घट चुकी है। फैंस कड़ी सुरक्षा के बावजूद इन क्रिकेटर के पास जा पहुंचे। महेंद्र धोनी से जहां फैंस ने आशीर्वाद लेने की कोशिश की थी वहीं कोहली के साथ दर्शकों ने सेल्फी लेने का प्रयास किया था। इन दोनों क्रिकेटर ने संयम बरतते हुए अपने फैंस की ख्वाहिश पूरी की थी। वहीं जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ये वाकया अजिंक्य रहाणे के साथ भी हुआ था।

पिछले दिनों विजय हज़ारे ट्रॉफी में भी एक प्रशंसक गौतम गंभीर से मिलने जा पहुंचा था , जिसे बाद में सुरक्षाकर्मियों ने बाहर का रास्ता दिखाया था।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता