'गेंद को कैसे चमकाएं'- रविचंद्रन अश्विन ने पोस्ट की मजेदार वीडियो

Ankit
विश्व कप की टीम में भी चुने गए हैं अश्विन
विश्व कप की टीम में भी चुने गए हैं अश्विन

भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) आखिरी बार एशिया कप (Asia Cup) 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। उनका चयन टी-20 विश्व कप के लिए भी हुआ है। इस बीच अश्विन ने सोशल मीडिया में एक मजेदार वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह गेंद को चमकाने की ट्रिक बता रहे हैं।

दरअसल, आजकल सोशल मीडिया में बॉलीवुड का मशहूर पंजाबी गाना 'काला चश्मा' खूब ट्रेंड कर रहा है। भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने जिम्बाब्वे दौरे पर सीरीज जीतने के बाद इस गाने में डांस किया था। इसके अलावा भी कई लोगों को इस गाने पर डांस करता हुआ देखा जा रहा है। इस बीच सोशल मीडिया में काफी एक्टिव रहने वाले अश्विन भी इस ट्रेंड में शामिल हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने इस गाने में डांस तो नहीं किया है लेकिन अपनी कलाकारी से सबको हंसाने का काम किया है।

क्रिकेट में गेंद की चमक को बढ़ाने के लिए फील्डिंग कर रही टीम उसे रगड़ती है। अश्विन इस गाने की धुन पर गेंद को चमकाते नजर आ रहे हैं, जो देखने में काफी फनी लग रहा है। इस वीडियो में उनके साथ दो कॉमेडियन भी नजर आए हैं। अश्विन ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'जब कॉमेडियन और क्रिकेटर काला चश्मा के लिए रील करते हैं।' अश्विन के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।

टी-20 विश्व कप में चुने गए हैं अश्विन

अनुभवी ऑफस्पिनर रविचंद्रन अश्विन को एशिया कप 2022 में सिर्फ दो मैचों में मौका मिला था, जिसमें उन्होंने दो विकेट हासिल किए थे। इसके बावजूद वह टी-20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने में सफल हुए हैं। इस साल सिर्फ पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले अश्विन पर भारतीय चयनकर्ताओं ने एक बार फिर से भरोसा जताया है। अश्विन के अलावा 15 सदस्यीय टीम में युजवेंद्र चहल और अक्षर पटेल के रूप में दो अन्य स्पिनर मौजूद हैं। यह देखना रोचक होने वाला है कि उन्हें आगामी टी-20 सीरीज में कितने मैचों की प्लेइंग इलेवन में मौका मिल पाता है।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now