मुंबई इंडियंस की टीम जीतेगी ट्रॉफी, WPL फाइनल से पहले हुई बड़ी भविष्यवाणी

Nitesh
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा फाइनल मुकाबला
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा फाइनल मुकाबला

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के बीच होने वाले वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल मुकाबले को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मैच में मुंबई इंडियंस के जीतने की भविष्यवाणी की है। आकाश चोपड़ा के मुताबिक मुंबई इंडियंस की टीम दिल्ली कैपिटल्स को हराकर वुमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन का टाइटल अपने नाम करेगी।

वुमेंस प्रीमियर लीग के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई में होगा। लीग स्टेज में दिल्ली कैपिटल्स ने पहला स्थान हासिल करके सीधे फाइनल में जगह बनाई थी, वहीं मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर में यूपी वॉरियर्स को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। लीग स्टेज के मुकाबलों में मुंबई और दिल्ली दो बार एक दूसरे से भिड़ीं, जहां दोनों ने 1-1 मुकाबला अपने नाम किया।

मुंबई इंडियंस की टीम दिल्ली कैपिटल्स के मुकाबले ज्यादा मजबूत लग रही है - आकाश चोपड़ा

वहीं आकाश चोपड़ा के मुताबिक मुंबई इंडियंस की टीम फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के ऊपर भारी पड़ेगी। उन्होंने जियो सिनेमा पर बातचीत के दौरान कहा, "दिल्ली की टीम मेरे दिल के काफी करीब है लेकिन मुंबई की टीम बेहतर लग रही है। अगर हम वुमेन टू वुमेन मार्किंग करें तो मुंबई इंडियंस ज्यादा मजबूत टीम लग रही है। मेरे हिसाब से मुंबई इंडियंस की टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी।'

आपको बता दें कि आकाश चोपड़ा ने इससे पहले एलिमिनेटर मुकाबले में भी मुंबई इंडियंस के जीतने की भविष्यवाणी की थी जो सही साबित हुई थी और एक बार फिर से उन्होंने मुंबई पर ही दांव लगाया है।

मुंबई और दिल्ली के बीच खिताबी भिड़ंत ब्रेबोर्न स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से होगी। बतौर कप्तान हरमनप्रीत कौर और मेग लैनिंग आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में अभी तक काफी शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में फाइनल का मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

Quick Links

Edited by Nitesh
Be the first one to comment