ICC CT 2017 : श्रीलंका के खिलाफ युवराज सिंह बहुत ही ख़राब अंदाज में आउट हुए

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 124 रन के विशाल अंतर से हराने वाली भारतीय टीम ने गुरुवार को भी धमाकेदार प्रदर्शन किया और शिखर धवन (125) के शतक व रोहित शर्मा (78) एवं महेंद्र सिंह धोनी (63) के अर्धशतकों की मदद से श्रीलंका के सामने 322 रन का लक्ष्य रखा। लंदन के केनिंगटन ओवल में खेले जा रहे मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। रोहित शर्मा (78) और शिखर धवन (125) ने शानदार शुरुआत करते हुए 2013 से अब तक टूर्नामेंट की सातवीं पारी में चौथी शतकीय साझेदारी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 138 रन जोड़े। रोहित शर्मा के आउट होते ही भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ी और श्रीलंका ने जबर्दस्त वापसी की क्योंकि विराट कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद युवराज सिंह क्रीज पर आए। उनसे एक बार फिर मैच विजयी पारी की उम्मीद थी। हालांकि, वो क्रीज पर असहज नजर आए और बल्ले से तगड़ा प्रदर्शन नहीं कर सके। श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ युवी लय में नजर नहीं आए जबकि धवन ने आक्रमण करने का मन बनाया। यह भी पढ़ें : शिखर धवन ने शतक के साथ-साथ लगाई कीर्तिमानों की झड़ी पारी के 34वें ओवर में असेला गुनारात्ने गेंदबाजी करने आए और वो पूरी तरह युवी पर हावी रहे। ओवर की तीसरी गेंद पर युवराज विचित्र अंदाज में आउट हुए। गुनारात्ने ने ओवर पिच गेंद डाली जो कि युवराज के पैर की दिशा में गई। अपनी हाई बैकलिफ्ट के कारण युवराज सिंह यॉर्क लेंथ की गेंद पर समय पर नीचे तो पहुंच गए, लेकिन उनकी लय सही नहीं रही और वो गेंद पर टाइमिंग के साथ शॉट नहीं जमा सके। गेंद बल्ले पर लगने के बाद उछली और ऑफ़ व मिडिल स्टंप पर जाकर लगी। युवराज आउट होने के बाद काफी निराश दिखे जबकि लंका टीम जोरदार जश्न मनाने में व्यस्त हो गई। अपनी हाई बैकलिफ्ट के कारण युवी गेंद को स्टंप पर लगने से रोकने में नाकाम रहे और उन्होंने गेंद को स्टंप पर जाते हुए भी देखा, लेकिन कुछ कर नहीं सके। अगर वो उसे रोकने की कोशिश करते तो शायद अपना विकेट बचाने में कामयाब हो जाते और इसी वजह से उनका आउट होना सभी को खला।