आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद आईसीसी ने हालिया एकदिवसीय टीम रैंकिंग जारी कर दी है और फाइनल में हार के कारण भारत ने पहले स्थान पर पहुंचने का सुनहरा मौका गँवा दिया। फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम पहले स्थान पर पहुँच सकती थी, लेकिन पाकिस्तान ने उलटफेर करते हुए खिताब पर कब्ज़ा किया और और भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। फाइनल में आठवें नंबर की टीम से हारने के कारण भारत को दो अंकों का नुकसान हुआ और अब वो 116 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान की टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में सभी को चौंकाते हुए खिताब पर कब्ज़ा किया और इसी वजह से उन्हें रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान आठवें स्थान पर थी, लेकिन अब वो 95 अंकों के साथ श्रीलंका और बांग्लादेश को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर पहुँच गए हैं। सेमीफाइनल में पाकिस्तान से हार के कारण इंग्लैंड को एक अंक का नुकसान हुआ और वो 113 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। बांग्लादेश को सेमीफाइनल में भारत से हार का सामना करना पड़ा था और उन्हें भी रैंकिंग में एक अंक का नुकसान है। अब बांग्लादेश 94 अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं। आने वाले दिनों में भारत-वेस्टइंडीज और श्रीलंका-ज़िम्बाब्वे के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। भारतीय टीम अगर वेस्टइंडीज को 5-0 से भी हरा दे, तो भी वो पहले स्थान पर नहीं पहुंच पाएगी। हालांकि वो ऑस्ट्रेलिया से आगे दूसरे स्थान पर जरुर पहुंच जाएंगे। 4-1 की जीत से भारत को कोई फायदा नहीं होगा, लेकिन अगर वेस्टइंडीज ने सीरीज में 2 मैच जीत लिए तो भारत को एक स्थान का नुकसान होगा। वेस्टइंडीज की टीम ने अगर सीरीज जीत लो, तो भारतीय टीम तीसरे से सीधे पांचवें स्थान पर आ जाएगी। नौवें नंबर पर मौजूद वेस्टइंडीज को स्थान का फायदा तो नहीं होगा, लेकिन आठवें स्थान पर मौजूद टीम से उनका अंतर कम हो जाएगा। श्रीलंका ने अगर ज़िम्बाबवे को 5-0 से हराया, तो वो बांग्लादेश को पीछे छोड़कर सातवें स्थान पर पहुँच जाएगी। हालांकि ज़िम्बाब्वे ने एक भी मुकाबले जीत लिया, तो श्रीलंका को आठवें स्थान पर ही रहना होगा। ज़िम्बाब्वे की टीम फ़िलहाल 11वें स्थान पर है। टीम रैंकिंग:
रैंक | टीम | पॉइंट्स |
1 | दक्षिण अफ्रीका | 119 |
2 | ऑस्ट्रेलिया | 117 |
3 | भारत | 116 |
4 | इंग्लैंड | 113 |
5 | न्यूजीलैंड | 111 |
6 | पाकिस्तान | 95 |
7 | बांग्लादेश | 94 |
8 | श्रीलंका | 93 |
9 | वेस्टइंडीज | 77 |
10 | अफ़ग़ानिस्तान | 54 |
11 | ज़िम्बाब्वे | 46 |
12 | आयरलैंड | 41 |