ICC Women’s Cricket World Cup 2025 Warm-Up Schedule: 30 सितंबर से क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर होने वाला है, क्योंकि इस तारीख से महिला वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत होनी है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 2 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए सभी टीमें अपना जोर लगाती नजर आएंगी, वहीं टीम इंडिया भी इतिहास रचने का प्रयास करेगी। मुख्य टूर्नामेंट से पहले टीमों को तैयारियों के लिए अभ्यास मैच भी खेलने को मिलेंगे और इन मैचों के शेड्यूल का ऐलान आईसीसी ने कर दिया है। वार्म-अप मैचों की शुरुआत 25 सितंबर से होगी 28 सितंबर से खत्म होंगे। इस दौरान नौ मैच खेले जाएंगे और इनका आयोजन कुल चार वेन्यू पर किया जाएगा।
आईसीसी रैंकिंग के आधार पर महिला वनडे वर्ल्ड कप में जगह बनाने वाली सभी आठ टीमें वार्म-अप मैचों में हिस्सा लेंगी। इस दौरान सभी टीमों को दो-दो मैच खेलने होंगे। हालांकि, डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक ही मैच खेलेगी। अभ्यास मैचों के लिए चुने गए चार वेन्यू में बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड और एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, तथा कोलंबो में आर. प्रेमदासा स्टेडियम और कोलंबो क्रिकेट क्लब ग्राउंड को चुना गया है। भारत 'ए' और श्रीलंका 'ए' भी अभ्यास मैचों में भाग लेंगे, जिसमें भारत 'ए' को एक मैच और श्रीलंका 'ए' को दो मैच खेलने हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच मैच से शुरू होंगे वार्म-अप मुकाबले
अभ्यास मैच 25 सितंबर से शुरू होंगे, जिसमें 2017 के फाइनलिस्ट भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे, जबकि दक्षिण अफ्रीका का सामना बेंगलुरु में न्यूजीलैंड से होगा। इसी समय, कोलंबो में श्रीलंका का मुकाबला पाकिस्तान से होगा, जबकि बांग्लादेश का सामना श्रीलंका 'ए' से होगा। इसके बाद अगला राउंड 27 सितंबर को होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया का एकमात्र मुकाबला इंग्लैंड से होगा। इस बीच, श्रीलंका का मुकाबला बांग्लादेश से होगा और भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। अभ्यास मैचों का अंतिम चरण 28 सितंबर को होगा, जिसमें दक्षिण अफ्रीका का सामना भारत 'ए' से होगा और पाकिस्तान का सामना श्रीलंका 'ए' से होगा।
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 वार्म-अप शेड्यूल
25 सितंबर: भारत बनाम इंग्लैंड, बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस 1 ग्राउंड, बेंगलुरु, दोपहर 3 बजे
25 सितंबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड, एम. चिन्नास्वामी, बेंगलुरु, दोपहर 3 बजे
25 सितंबर: श्रीलंका बनाम पाकिस्तान, कोलंबो क्रिकेट क्लब, कोलंबो, दोपहर 3 बजे
25 सितंबर: बांग्लादेश बनाम श्रीलंका 'ए', आर.प्रेमदासा, कोलंबो, दोपहर 3 बजे
27 सितंबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस 1 ग्राउंड, बेंगलुरु, दोपहर 3 बजे
27 सितंबर: भारत बनाम न्यूजीलैंड, एम. चिन्नास्वामी, बेंगलुरु, दोपहर 3 बजे
27 सितंबर: श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, कोलंबो क्रिकेट क्लब, कोलंबो, दोपहर 3 बजे
28 सितंबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत 'ए', बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस 1 ग्राउंड, बेंगलुरु, दोपहर 3 बजे
28 सितंबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका 'ए', कोलंबो क्रिकेट क्लब, कोलंबो, दोपहर 3 बजे