यशस्वी जायसवाल ने 60 साल पुराना रिकॉर्ड किया चकनाचूर, दोहरा शतक लगाकर बनाया बड़ा कीर्तिमान

India  v England - 2nd Test Match: Day Two
India v England - 2nd Test Match: Day Two

विशाखापट्टनम में भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच पांच मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था लेकिन अच्छी पिच पर 400 का स्कोर बनाने से चूक गई। भारतीय टीम की तरफ से यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। जायसवाल दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक जमाने में सफल रहे और एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ा। बाएं हाथ का खिलाड़ी अब भारत के लिए दोहरा शतक लगाने वाला तीसरा सबसे युवा बल्लेबाज बन गया है। उन्होंने 22 वर्ष 37 दिन की उम्र में यह कारनामा किया।

पहले दिन यशस्वी जायसवाल 179 के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे और उन्होंने कहा था कि उनका इरादा दोहरे शतक का है। दूसरे दिन जायसवाल ने अपनी बात को सही साबित किया और उन्होंने चौके के साथ 277 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने 290 गेंदों में 209 रनों की पारी खेली, जिसमें 19 चौके और सात छक्के शामिल रहे।

अपने दोहरे शतक से यशस्वी जायसवाल ने मंसूर अली खान पटौदी को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 23 साल 34 दिन की उम्र में 1964 में दोहरा शतक लगाया और तब वह ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी थे लेकिन बाद में उनको सुनील गावस्कर और विनोद कांबली ने पीछे छोड़ा और वह तीसरे स्थान पर खिसक गए। वहीं, अब जायसवाल तीसरे स्थान पर आ गए हैं और पटौदी को चौथे स्थान पर खिसका दिया है।

गौरतलब हो कि भारत के लिए टेस्ट फॉर्मेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड विनोद कांबली के नाम है। कांबली ने 1993 में इंग्लैंड के खिलाफ 224 रनों की पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की थी, तब उनकी उम्र 21 साल 35 दिन थी। उन्होंने 21 साल 55 दिन की उम्र में भी दोहरा शतक लगाया हुआ है। दूसरे स्थान पर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 21 साल, 283 दिन की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में दोहरा शतक जमाया था।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now